KANPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में आने वाली बिल्हौर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक की जीभ काट दी, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना खेत में हुई, जहां युवती को परेशान करने की कोशिश वाले युवक से उसका विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। इस झगड़े के दौरान युवती ने युवक की जीभ काटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

युवती ने जीभ काटी, युवक बेहोश
घटना के बाद युवक के मुंह से बहुत खून बहने लगा और वह बेहोशी की हालत में जमीन पर गिर गया। ग्रामीणों ने घायल अवस्था में युवक को देखा और उसके परिजनों को तत्काल सूचना दी। घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी युवक की पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत
इस मामले में युवक की पत्नी ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके पति की युवती के भाइयों ने पुरानी रंजिश के चलते चाकू से उसकी जीभ काटी है। हालांकि, पुलिस ने यह आरोप निराधार बताया है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

युवक-युवती के बीच चल रहा था प्रेम प्रसंग
पश्चिम पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि लड़के-लड़की के बीच झगड़ा हुआ था जिसमें युवती ने युवक की जीभ काट दी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन हाल ही में युवती की शादी तय होने के बाद उसने युवक से मिलना बंद कर दिया था।

छेड़खानी के विरोध में हुई वारदात
खेत में काम करते समय युवक ने युवती को परेशान किया, जिस पर उसका विरोध करने पर मारपीट हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती ने युवक की जीभ तब काटी जब उसने उसका विरोध किया और वह उससे छेड़खानी कर रहा था।

पुलिस जांच जारी
बिल्हौर कोतवाल इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि मामला प्रेम विवाद का है और जांच जारी है। पुलिस ने सभी पक्षों से बयान दर्ज किए हैं और मामले को जल्द सुलझाने में जुटी है।




































