BALOD NEWS. बालोद पुलिस ने आज सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ नकद और12 लाख की क्रेटा कार जब्त की है। खास बात यह रही कि यह नकदी कार के गुप्त चैम्बर (सीक्रेट कक्ष) में छिपाकर ले जाई जा रही थी। विश्वसनीय सूचना पर की गई इस कार्रवाई ने पुलिस की सतर्कता और दक्षता का शानदार उदाहरण पेश किया है।

पुलिस को सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि सफेद रंग की क्रेटा कार (MH 04 MA 8035) रायपुर से नागपुर की ओर जा रही है और उसमें भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ग्राम पड़कीभाठ के पास वाहन को रोका।
सीट के नीचे मिला सीक्रेट चैम्बर
तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे एक गुप्त कक्ष (सीक्रेट चैम्बर) मिला, जो बंद अवस्था में था। संदेह के आधार पर वाहन को थाना परिसर लाकर तहसीलदार और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में खोला गया। जैसे ही चैम्बर खुला, पुलिस टीम भी चकित रह गई — अंदर नोटों से भरे पैकेट मिले।

SBI अधिकारियों की मौजूदगी में हुई गिनती
नकदी की गिनती भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। बैंक से नोट गिनने की मशीन मंगाई गई और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई गई ताकि जांच पारदर्शी बनी रहे। पुलिस ने बताया कि बरामद रकम की कुल कीमत लगभग ₹3 करोड़ है। इसके अलावा ₹12 लाख की क्रेटा कार भी जब्त की गई है।

दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया
वाहन में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है —
- पटेल अलपेश कुमार पिता दशरथ भाई (49 वर्ष), निवासी सुण्डिया, जिला महेसाना (गुजरात)।
- अशोक गाड़गे पिता सखाराम गाड़गे (42 वर्ष), निवासी ठाणे, महाराष्ट्र, वर्तमान पता — करंजडे, नवी मुंबई।
दोनों से नकदी के स्रोत और उद्देश्य को लेकर पूछताछ जारी है।

आयकर विभाग को दी गई सूचना
मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है। अब यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस ने प्रकरण पर 106 BNSS और 182(क)(4) एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।




































