NEW DELHI. दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी तीन गाड़ियों में आग लग गई और इलाके में भगदड़ मची।

धमाका इको वैन में हुआ, इलाके को किया सील
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोट एक इको वैन में हुआ था। पुलिस और दमकल विभाग ने इलाके को तुरंत सील कर दिया और राहत कार्य शुरू कर दिया। दमकल विभाग के डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया कि शाम 7:29 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल मामले की जांच कई एजेंसियां कर रही हैं।
जांच में सुरक्षा एजेंसियां जुटीं
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर मौजूद हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ साक्ष्य इकट्ठा कर रहे हैं। आतंकी साजिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच हर पहलू से की जा रही है।

देश के कई राज्यों में हाई-अलर्ट
धमाके के बाद दिल्ली समेत कई दूसरे राज्यों में भी हाई-अलर्ट घोषित कर दिया गया है। गुजरात से लेकर उत्तर प्रदेश तक पुलिस ने संदिग्धों की बड़ी संख्या में गिरफ्तारी की है। बताते चलें कि गिरफ्तार आतंकी की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को फरीदाबाद में भी बड़ी मात्रा में आरडीएक्स समेत अन्य विस्फोटक बरामद किए गए थे।
दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 10 दिन पहले मुजम्मिल नामक आतंकवादी को पकड़ा है। वह फरीदाबाद के ही धौज गांव स्थित अलफलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था। उसने कुछ दिन पहले एक कमरा किराये पर लिया था, जहां उसने विस्फोटक पदार्थ छिपाकर रखे थे।

धमाके ने फैलाई दहशत
यह धमाका लाल किले के पास मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास हुआ। विस्फोट की वजह से आस-पास की दुकानों के दरवाजे-खिड़कियों को नुकसान पहुंचा और माहौल में दहशत फैल गई। धमाके में लगी आग ने कई बसों और वाहनों को भी प्रभावित किया।

दमकल विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया
पुलिस को कार में धमाके की सूचना मिलते ही सात दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और खोजबीन का काम जारी है। विस्फोट के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया गया है।
































