PATNA NEWS. बिहार चुनाव में रुझानों के बाद अब तेजी से परिणाम सामने आ रहे हैं। जेल में बंद जदयू नेता अनंत सिंह ने मोकामा सीट जीत ली है। उन्हें 91,416 वोट मिले और उन्होंने 28,206 मतों के अंतर से जीत हासिल की। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद की वीणा देवी को 63,210 वोट मिले, जबकि जन सुराज पार्टी के प्रियदर्शी पीयूष को 19,365 वोट मिले है। तेजस्वी यादव भी जीत गए हैं। उन्होंने सतीश सिंह को हराया है।

ECI ने घोषित किया पहला रिजल्ट
इसके पहले ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से नतीजों का ऐलान होना शुरू हो गया। आयोग ने बताया है कि जनता दल यूनाइटेड उम्मीदवार महेश्वर हजारी ने कल्याणपुर सीट से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने 38 हजार 586 मतों से लेफ्ट नेता को मात दी है। सीट पर उन्हें 1 लाख 18 हजार 162 वोट मिले थे। तीसरे स्थान पर जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार राम बालक पासवान रहे।
गोविंदगंज से जीती लोजपा
गोविंदगंज सीट से लोजपा (आरवी) उम्मीदवार राजू तिवारी ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने 32683 मतों के अंतर से कांग्रेस के शशि भूषण राय को हराया। नरकटियागंज से भाजपा नेता संजय कुमार पांडे 26458 वोट से जीते। राजनगर से सुजीत कुमार 42185, गया टाउन (Gaya Town) से प्रेम कुमार 26423 वोट से जीत गए हैं।

राजद ने फतूहा सीट जीती, लोजपा को हराया
फतूहा से राष्ट्रीय जनता दल के नेता डॉक्टर रामानंद यादव ने 7 हजार 992 वोटों से जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने इस मुकाबले में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) के टिकट पर मैदान में उतरीं रूपा कुमारी को हराया है। तीसरे स्थान पर जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार राजू कुमार रहे। उन्हें 8598 वोट मिले।
मसौढ़ी सीट जदयू उम्मीदवार अरुण मांझी जीते
बिहार की मसौढ़ी सीट से जदयू उम्मीदवार अरुण मांझी 7643 मतों से जीत गए हैं। उन्होंने राजद उम्मीदवार रेखा देवी को हराया। बरुराज सीट से भाजपा के अरुण कुमार सिंह ने विकासशील इंसान पार्टी के राकेश कुमार को 29052 मतों से मात दी। लौरिया से जदयू के विनय बिहारी 26966 मतों से जीते।

भाजपा ने जीती मधुबन सीट
भारतीय जनता पार्टी ने मधुबन सीट अपने नाम कर ली है। यहां पार्टी उम्मीदवार राणा रणधीर ने राष्ट्रीय जनता दल प्रत्याशी संध्या रानी को 5 हजार 492 मतों से हराया। रणधीर को कुल 86 हजार 2 वोट मिले थे। सीट पर तीसरे स्थान पर जनसुराज पार्टी के विजय कुमार कुशवाह रहे। साहिबगंज से भाजपा के राजू कुमार सिंह 13522 मतों से जीते हैं।
JDU का अलौली सीट पर कब्जा
बिहार की अलौली सीट से जनता दल यूनाइटेड ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने 35 हजार 732 मतों के भारी अंतर से राष्ट्रीय जनता दल के रामवृक्ष रदा को हराया। हरनौत सीट से जदयू के ही हरि नारायण सिंह 48335 वोटों से जीते, बेलागंज से मनोरमा देवी 2882 मतों से जीतीं।

बता दें कि चुनाव आयोग ने अब तक 20 सीटों पर परिणामों की घोषणा कर दी है। 10 सीटों पर भाजपा और 6 सीटों पर जदयू उम्मीदवार जीत चुके हैं। 3 सीटों पर राजद और एक सीट पर चिराग पासवान की पार्टी ने जीत हासिल कर ली है। कांग्रेस का अभी तक खाता नहीं खुला है।




































