इंदौर। शहर की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे ठग को पकड़ा है, जो खुद को पुलिस आरक्षक बताकर युवतियों को नौकरी का झांसा देता था। आरोपी 10वीं पास है, लेकिन उसकी चालाकी और झूठे वादे इतने प्रभावशाली थे कि कई युवतियां उसके जाल में फंस गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामला तब सामने आया जब एक युवती ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि देवास का रहने वाला अजय पाटीदार नामक युवक उससे दोस्ती करने के बाद नौकरी लगवाने का वादा कर 6 लाख रुपये ठग ले गया। उसने खुद को पुलिस आरक्षक बताया और भरोसे में लेकर कहा कि बिना परीक्षा दिए वह उसे पुलिस विभाग में नौकरी दिला सकता है।
भरोसा कर युवती ने रकम आरोपी को दे दी। मगर, बाद में जब वादे पूरे नहीं हुए तो उसने पुलिस में शिकायत कर दी।पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। तकनीकी और साइबर साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

10वीं पास है आरोपी
पूछताछ में उसने कबूला कि वह केवल 10वीं तक पढ़ा है और खेतीबाड़ी का काम करता है। सोशल मीडिया पर लड़कियों से दोस्ती बढ़ाने के लिए वह खुद को पुलिस वाला बताता था। इसी तरह उसने शिकायतकर्ता को फंसाया और नौकरी के नाम पर रकम ऐंठ ली।

देवास में भी दर्ज हैं दो केस
जांच में यह भी सामने आया कि अजय पाटीदार पर पहले से देवास जिले में गैंबलिंग एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का क्राइम रिकॉर्ड पुराना है और वह कई बार पहचान छिपाकर जगह बदलता रहा।

मोबाइल डेटा जांच रही है पुलिस
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल डाटा और बैंक खातों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितने लोगों को इसी तरीके से ठगा है। पुलिस साइबर साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है और यह भी जांच रही है कि क्या आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति इस गिरोह में शामिल है।

सीधे पुलिस से करें शिकायत
इंदौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी नौकरी या भर्ती प्रक्रिया में पैसा या परिचय के भरोसे न पड़ें। ऐसे मामले में सीधे पुलिस या संबंधित विभाग से जांच कर ही भरोसा करें। इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि ठगी के नए तरीके लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।




































