RAIPUR NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इससे नवा रायपुर और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों से आने वालों के लिए 6 रूट तय किए गए हैं। जिस रूट से प्रधानमंत्री का आवागमन होगा। वहां आम लोगों का आना-जाना प्रतिबंधित रहेगा। इसलिए आम लोगों के लिए अलग रूट तय किया गया है। इसे लेकर बुधवार सुबह 9 बजे एयरपोर्ट से पूरी फोर्स के साथ रिहर्सल किया जाएगा। प्रधानमंत्री के रूट को वन-वे किया जाएगा, जिसमें आम लोगों की गाड़ियां नहीं चल सकेंगी।

कार्यक्रम में हर रूट के लिए एक क्यूआर कोड बनाया गया है, जिसे स्कैन करने पर कार्यक्रम स्थल का नक्शा और रास्ता मोबाइल पर दिखाई देगा। लोकेशन के आधार पर कोई भी व्यक्ति कार्यक्रम स्थल तक आसानी से पहुंच सकेगा एयरपोर्ट से नवा रायपुर के कार्यक्रम स्थल तक अलग-अलग दूरी पर करीब 12 मंच बनाए गए हैं। मंच के दोनों ओर 200-200 मीटर तक बैरिकेडिंग की गई है। ताकि यहां भी लोग खड़े होकर प्रधानमंत्री का अभिवादन कर सकें। मंगलवार को पुलिस के आला अधिकारियों ने मंच की व्यवस्था का जायजा लिया। हर मंच के पास सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। टीम ने सभी पांच कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुछ व्यवस्थाओं में बदलाव भी किया गया है। प्रधानमंत्री के रूट का भी निरीक्षण किया गया है। पुलिस की रिहर्सल में एसपीजी भी शामिल रहेगी। सभी कार्यक्रम स्थलों को एसपीजी ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट से सीधे सत्य साईं अस्पताल जाएंगे। यहां वे 3 हजार से अधिक बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। यहां से वे प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्थान के शांति शिखर भवन जाएंगे। इसके बाद विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन कर सदन को संबोधित करेंगे। विधानसभा से वे सीधे ट्राइबल म्यूजियम जाएंगे और वहां से राज्योत्सव मैदान जाएंगे, जहां राज्योत्सव का उद्घाटन और सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे एयरपोर्ट लौटकर रवाना हो जाएंगे।

छह रूट से पहुंचेंगे लोग
रूट-1: बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा, मुंगेली की ओर से आने वाले रिंग रोड-3, सेरीखेड़ी ब्रिज, नवा रायपुर, स्टेडियम टर्निंग, रेलवे स्टेशन, कयाबांधा अंडरब्रिज, सीबीडी स्टेशन, रैक बैंक मोड़, सेक्टर-22 टर्निंग से पार्किंग पी-15 तक पहुंचेंगे।
रूट-2: आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार की ओर से आने वाले लखौली, नवागांव रेलवे क्रॉसिंग, क्रिकेट स्टेडियम, सेंध तालाब, सत्यसांई अस्पताल चौक, चंदूलाल चंद्राकर चौक, सेक्टर-22 से पी-15 में पहुंचेंगे।
रूट-3: अभनपुर, धमतरी, बालोद, दुर्ग की ओर से बस से आने वाले मोनफोर्ट स्कूल, एचएनएलयू, ट्रिपल आईटी चौक, उपरवारा, मुक्तांगन तिराहा से पार्किंग पी-12, स्टेशन पार्किंग पी-13 व गोल्फ मैदान पार्किंग पी-14 में पहुंचेंगे।
रूट-4: धमतरी, बालोद, दुर्ग की ओर से कार और बाइक से आने वाले अभनपुर, बकतरा, केन्द्री-बेन्द्री, मिंटू पब्लिक स्कूल, निमोरा प्रशासनिक अकादमी, निमोरा से पार्किंग पी-11 तक आएंगे।
रूट-5: दुर्ग, बालोद, खैरागढ़, राजनांदगांव की ओर से आने वाले पचपेड़ी नाका, बोरियाकला, माना बस्ती, तूता होकर पार्किंग पी-8, पी-9 और निमोरा बस्ती के पीछे पी-10 में पहुंचेंगे।
रूट-6: गोबरा नवापारा, राजिम, गरियाबंद की ओर से आने वाले नवागांव, खंडवा, जंगल सफारी, ट्रिपल आईटी, मुक्तांगन तिराहा से पार्किंग पी-12, स्टेशन पार्किंग पी-13 व गोल्फ मैदान पार्किंग पी-14 तक पहुंचेंगे।




































