INDORE NEWS. इंदौर के पलासिया थाना पुलिस ने मानव तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर युवतियों को काम दिलाने का झांसा देकर पश्चिम बंगाल से लाता था। शुरुआत में लड़कियों को महाराष्ट्र में रखा जाता था, इसके बाद उन्हें मध्यप्रदेश लाया जाता था।

3 आरोपी महिलाएं हुई हैं गिरफ्तार
फिर युवतियों को प्रताड़ित कर देहव्यापार के दलदल में धकेल दिया जाता था। एडिशनल डीसीपी राजेश डंडौतिया ने बताया कि यह मामला करीब तीन साल पुराना है। साल 2022 में इस मामले के खुलने का बाद तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हाल ही में इस मामले में एक महिला आरोपी कांकली को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल भी गई थी।

नसीरुल चल रहा था फरार
इस मामले में एक आरोपी नसीरुल फरार चल रहा था। पलासिया थाने की पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। टीआई सुरेंद्रसिंह रघुवंशी ने बताया कि यह मामला तीन साल पुराना है। पुलिस ने 24 परगना (कोलकाता) की एक युवती की शिकायत पर मानव तस्करी और देहव्यापार के तहत केस दर्ज किया था।

काम का झांसा देकर मुंबई ले जाता था
करीब एक माह पहले आरोपित कांकली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को नसीरुल पुत्र नजरुल को भी गिरफ्तार किया गया है। वह पश्चिम बंगाल के 24 परगना का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, नसीरुल युवतियों को काम का झांसा देकर पहले मुंबई ले जाता था। वहां से उन्हें इंदौर लाया जाता था।

खजराना में रखी गई थ पीड़िता
पीड़ित युवती को आरोपित ने खजराना इलाके में आमरिन के पास रखा गया था। युवती किसी तरह से उस घर से निकली और सीधे पुलिस के पास पहुंची। उसकी बताई आपबीती के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी नसीरुल को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाई थी। मगर, वह फरार हो गया था। आखिरकार पलासिया पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।




































