RAIPUR NEWS. दीपावली के बाद धान खरीदी को लेकर प्रदेश की सियासत गरमाने वाली है । कांग्रेस का आरोप है कि 3100 रुपए में धान खरीदी कर भाजपा सरकार किसानों को प्रति एकड़ 3960 रुपए का चूना लगाने जा रही है। कांग्रेस दीपावली के बाद किसानों को लामबंद कर इस मुद्दे पर साय को घेरने की रणनीति तैयार कर रही है।

प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार ने इस बार 15 नवंबर से अपने वादे के अनुसार 3100 रू में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने की घोषणा की है। इस पर कांग्रेस का कहना है कि साय सरकार को केंद्र सरकार के बढ़े हुए समर्थन मूल्य को मिलाकर 3100 रुपए की बजाय 3286 रुपए में धान की खरीदी करनी चाहिए।

कांग्रेस का आरोप है कि 3100 रुपए में धान खरीदी कर सरकार किसानों को प्रति एकड़ 3960 रुपए का चूना लगाने जा रही है । कांग्रेस का ये भी आरोप है कि पिछले साल भी भाजपा सरकार ने किसानों को धान का 2457 रुपए प्रति एकड़ कम दिया था। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार से 3286 रुपए क्विंटल के हिसाब से धान खरीदने की मांग की है ।


इस पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुनील सोनी ने कहा कि कांग्रेसियों को भूपेश बघेल के कार्यकाल को याद करना चाहिए। क्या उन्होंने पांच साल केंद्र सरकार के बढ़े हुए समर्थन मूल्य को मिलाकर धान खरीदा था । उन्होंने तो धान खरीदी में भ्रष्टाचार किया, किसानों का रकबा काटा, किस्तों में पैसा दिया और अब किसानों के हित की बात कर रहे हैं ।

बहरहाल प्रदेश में धान खरीदी पर पॉलीटिक्स शुरू हो गई है। अब ब देखना यह होगा कि कांग्रेस के धान खरीदी को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ चलाए जाने वाली मुहिम में कितने किसान शामिल होते हैं। साथ ही कांग्रेस प्रदेश की साय सरकार पर कितना दबाव बना पाती है।