BALOD NEWS. दीपावली त्यौहार में पैसे की जरूरत होने पर दो युवकों ने पड़ोस में रहने वाली 70 साल की बुजुर्ग महिला को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके गले से चांदी की चैन को ले गए।

पूरा मामला बालोद जिला के रनचिरई थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पउवारा का है। पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। 6 अक्टूबर को देर रात इस हत्या को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की माने तो 7 अक्टूबर को सुबह रनचिराई पुलिस को सूचना मिली की पऊवारा गांव में 70 साल की महिला पुनवंतीन देशलहरे की लाश उसी के घर में बिस्तर में है।

महिला अपने घर में अकेली रहती थी, बताया गया कि हत्या करने वाले दोनों आरोपी भूपेश चंदेल और विनोद कुमार महिला के पड़ोस में रहते हैं। दोनों आरोपी ने दीपावली त्यौहार में रुपयों की जरूत होने से चोरी करने की योजना बनाई और पड़ोसी पुनवंतीन देशलहरे के घर को निशाना बनाया।

दोनों आरोपी रात में मृतिका के घर बाड़ी के रास्ते होकर प्रवेश किया और चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों की सुगबुगाहट से मृतिका उठ गई।

जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मृतिका का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और उसे उसी के बिस्तर में वापस सुलाकर उसके गले से चांदी की चैन निकाल ली। इसके अलावा महिला के कान से बाजारू झुमका को भी कान काट कर निकाल लिया। यह जानकारी मोनिका ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बालोद ने दी है।
