RAIPUR NEWS. दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे शाह आज यानी 4 अक्टूबर को बस्तर जाएंगे। उनके साथ सीएम विष्णुदेव साय व डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री शाह अपने दौरे 45 मिनट जगदलपुर के सिरहासार भवन में मुरिया दरबार के कार्यक्रम में रहेंगे। लगभग 55 मिनट तक लाल बाग में सभा करेंगे। इस दौरान प्रदर्शनी भी देखेंगे। रायपुर से जगदलपुर पहुंचने पर सबसे पहले वे माता दंतेश्वरी का दर्शन और पूजन करेंगे। बता दें कि बस्तर के भाजपा नेताओं ने शाह को मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया था।
जानकारी मिली है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने दो दिन के दौरे में प्रदेश में चल रहे नक्सल अभियान की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वे शनिवार को सुरक्षाबलों और राज्य पुलिस के आला अफसरों के साथ बैठक कर नक्सलियों पर अंतिम वार के लिए रणनीति बना सकते हैं। शाह की इस बैठक में नक्सलियों द्वारा वार्ता के लिए भेजी गई चिट्ठी पर भी चर्चा की जाएगी।
बता दें कि शाह पहले ही नक्सलियों को चेता चुके हैं कि यदि वे सरेंडर करते हैं तो सरकार उनका रेड कार्पेट में स्वागत करेगी नहीं तो गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा। इसी रणनीति को लेकर राज्य सरकार भी आगे बढ़ रही है।
इस दौरान शाह जगदलपुर के लालबाग मैदान में प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन की 20वीं किस्त जारी करेंगे। लगभग 65 लाख महिलाओं के खाते में वे डीबीटी के जरिए 606.94 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। वर्तमान में 64,94,768 महिलाएं महतारी वंदन योजना का लाभ ले रही हैं। बस्तर दौरे के दौरान ही शाह बस्तर में चलाए जा रहे अभियान की जानकारी लेंगे और दूरस्थ अंचल में राज्य और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी लेंगे।
मुरिया दरबार में सुनी जाती है जनता की समस्या
बस्तर में जब राजशाही का दौर था, उस समय बस्तर दशहरा के बाद राजा लोगों की समस्या सुनने दरबार लगाते थे, इसे ही मुरिया दरबार कहा जाता है। कमलचंद भंजदेव का कहना है कि इस मुरिया दरबार में जनता की समस्या सुनी जाती है। समस्याओं का तुरंत निराकरण भी होता है। दरअसल, पहले राजा समस्या सुनकर निराकरण करते थे। लेकिन, अब लोकतांत्रिक व्यवस्था में CM या फिर उनसे बड़े और कोई भी मंत्री, नेता सुन सकते हैं। उनकी समस्या का निवारण कर सकते हैं।