DURG NEWS. छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के बैनर तले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को 25वें दिन भी जारी रही। दुर्ग जिला अध्यक्ष डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि विगत दिनों स्वास्थ्य मंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हुई थी, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं निकल सका। अब शुक्रवार को रायपुर में संघ के 33 जिलों के जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों की बड़ी बैठक प्रांताध्यक्ष डॉ. अमित मिरी की अध्यक्षता में होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि 18 अगस्त से एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है।
कर्मचारी संघ की मुख्य मांगे
1. राष्ट्रीय शिक्षा मिशन की तरह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का स्वास्थ्य विभाग में संविलियन।
2. ग्रेड पे निर्धारण।
3. अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन और जॉब सिक्योरिटी जैसी मूलभूत सुविधाएं, जो अन्य राज्यों में उपलब्ध हैं।
महाराष्ट्र में मांगें हुई पूरी
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र में भी एनएचएम कर्मचारी 23 दिनों से हड़ताल पर थे, जहां सरकार ने उनकी मांगें स्वीकार कर ली हैं और हड़ताल स्थगित हो गई है।
सर्व संविदा कर्मचारी संघ का समर्थन
एनएचएम की मांगों को लेकर प्रदेशभर के विभिन्न संगठन, सामाजिक व राजनीतिक दल समर्थन दे रहे हैं। शनिवार को सर्व संविदा कर्मचारी संघ ने सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया है।
आश्वासन नहीं, आदेश चाहिए
संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. अमित मिरी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से कर्मचारी सिर्फ आश्वासन पर हड़ताल स्थगित करते आ रहे हैं। संविदा की अवधि 1-2 साल समझ आती है, लेकिन 20-20 साल तक संविदा स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा जब तक आदेश जारी नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हमारा नारा है- आश्वासन नहीं आदेश चाहिए, संविदा मुक्त प्रदेश चाहिए।