JOB NEWS. छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा में विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती बड़ा निर्णय लिया गया है, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और शासकीय महाविद्यालयों में रिक्त पदों की कमी को दूर किया जा सकेगा। प्रदेश के शासकीय कॉलेजों में छह साल बाद 625 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती होगी। इसका रास्ता साफ हो गया है। इसके 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 ग्रंथपाल की भर्ती होगी। इसके लिए शासन से अनुमति मिल गई है। भर्ती के लिए इसी महीने सीजीपीएससी को प्रस्ताव जाएगा। इससे पहले 2019 में 1384 पदों के लिए वैकेंसी निकली थी।
दरअसल, उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने कुल 700 पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। इसे लेकर संभावना है कि जल्द ही वैकेंसी निकलेगी। असिस्टेंट प्रोफेसर के अलावा स्पोर्ट्स ऑफिसर और ग्रंथपालों की भी लंबे समय के बाद भर्ती निकलेगी। भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण वातावरण निर्मित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। कॉलेजों में 700 पदों पर भर्ती होने से न केवल महाविद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुदृढ़ होगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सीखने के अवसर भी प्राप्त होंगे।
बता दें कि में 335 सरकारी कॉलेज हैं। पिछले कुछ वर्षों में इनकी संख्या बढ़ी है, लेकिन इसकी तुलना में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती नहीं हुई है। इन महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 5335 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 3033 भरे और 2302 खाली है। अधिक पद खाली : गवर्नमेंट कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के दो हजार से अधिक पद खाली हैं। इसमें सबसे अधिक करीब ढ़ाई सौ पद कॉमर्स के लिए है। मैथ्स, इंग्लिश, हिंदी, बॉटनी, जूलॉजी, केमेस्ट्री, फिजिक्स में असिस्टेंट प्रोफेसर के डेढ़ सौ से अधिक पद रिक्त है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति बड़ा निर्णय है। इस पहल से एक ओर जहां युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की उच्च शिक्षा प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी। इसके अतिरिक्त ग्रंथपाल के 50 पदों पर भी भर्ती की स्वीकृति दी गई है। ग्रंथपालों की नियुक्ति से पुस्तकालयों का बेहतर संचालन होगा और विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री अधिक व्यवस्थित रूप से उपलब्ध हो सकेगी।




































