KORBA NEWS. कोरबा जिले में आज यानी 10 सितंबर को बड़ी घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान ने सर्विस राइफल से अपने दो रिश्तेदारों को गोली मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद भाग रहे जवान को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। घटना हरदी बाजार थाना इलाके की है। वजह घरेलू विवाद बताई जा रही है। पुलिस ने उसकी सर्विस इंसास राइफल भी जब्त कर ली है। आरोपी जवान से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मड़वारानी स्थित सीएएफ कैंप में जवान टेसराम बिंझवार उर्फ जगन्नाथ बिंझवार आरमोरार (बंदूक की सफाई) पद पर पदस्थ है। दो साल पहले उसकी शादी अवध बाई से हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते पारिवारिक बैठक कर दोनों अलग हो गए थे। बुधवार को रिजर्व बल में उसकी ड्यूटी लगी थी। लेकिन सुबह ड्यूटी छोड़कर पैदल ही महुआ-डी से अपने घर पहुंच गया। वहां से अपनी सर्विस राइफल उठाकर सीधे उमेंदी भांठागांव पहुंचा, जिसके बाद मंदिर चौक के पास घर में घुसकर उसने साली मदालसा बिन्धराज (21) को 2 गोली मारी, फिर भागने लगा तो चाचा ससुर राजेश कुमार (35) पकड़ने के लिए दौड़ा।
ये भी पढ़ें: आशु क्रेशर खदान बंद कराने ग्रामीणों ने किया नेशनल हाईवे पर चक्काजाम, पुलिस और महिलाओं में धक्कामुक्की भी
इसी दौरान मेन रोड पर चाचा ससुर को भी 2 गोली मार दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी जवान को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हरदी बाजार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, सीएएफ कैंप के अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।
इस मामले में कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की वजह सामने आई है। लेकिन मामले की विस्तार से जांच की जाएगी, उसके बाद ही वजह स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। इस बीच मृतकों के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर अस्पताल के बाहर मृतकों का शव रखकर चक्का जाम कर दिया है। उनकी मांग है कि आरोपी जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें मुआवजा दिया जाए। चक्का जाम से अस्पताल के पास वाहनों की भीड़ लग गई है।