JASHPUR NEWS. जशपुर जिले के जुरूडांड में एक बड़ा हादसा हो गया है। गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 से ज्यादा घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। गंभीर रूप से घायल 18 ग्रामीणों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है। इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। साथ ही घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।
सीएम साय ने कहा क इस दुखद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों एवं घायलों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। ईश्वर से दिवंगतों के आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। सीएम ने कहा, जशपुर घटना की पूरी जानकारी है। जिला प्रशासन से बात हुई है। तीन लोगों की मौत और 22 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद SP और कलेक्टर मौके पर मौजूद थे। घायलों के इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।
ये भी पढ़ें: रायपुर-भिलाई में ED की छापेमारी… 3 कृषि कारोबारी के ठिकानों पर चल रही जांच, कई दस्तावेज भी जब्त
जानकारी के मुताबिक बगाीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरूडांड के श्रद्धालु मंगलवार रात गणेश विसर्जन के लिए बाजे-गाजे के साथ निकले थे। विसर्जन में करीब 150 श्रद्धालुओं की भीड़ थी। इस दौरान रात करीब 11 बजे रायकेरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो भीड़ में घुस गई। गाड़ी ने कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया। इससे अरविंद करकेट्टा (19), विपिन प्रजापति (17), खिरोवती यादव (32) की जान चली गई।
20 घायलों को दूसरे वाहनों की मदद से बगीचा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही जशपुर विधायक रायमुनी भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन बगीचा पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। साथ ही डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।