BILASPUR NEWS. बिलासपुर में पुजारी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने देर रात सुलझा ली है। पत्नी के साथ अवैध संबंध के संदेह पर चार अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर सब्जी बेचने वाले ने पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी। मामले में मुख्य आरोपी समेत चारों रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। जानकारी के अनुसार तखतपुर थाना क्षेत्र के चपरसाकांपा निवासी जागेश्वर पाठक उर्फ मोटू (30) गांव के ही पाठ बाबा मंदिर का पुजारी था। वह मंदिर में ही रहता था। रोजाना की तरह रविवार सुबह 6 बजे उसकी मां बेट जागेश्वर को चाय देने मंदिर पहुंची, लेकिन बेटे की लाश मंदिर परिसर में खून से लथपथ पड़ी मिली, उसने देखकर शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की तो पता चला कि पुजारी का गांव के ही सब्जी विक्रेता सुरेश धुरी (35) के साथ रंजिश थी। सुरेश मंदिर की जमीन को अधिया में बोता था। पति-पत्नी उसमें खेती करते थे। इस बीच सुरेश को अपनी 35 वर्षीय पत्नी पर पुजारी के साथ अवैध संबंध होने का संदेह हुआ था। उसने पुजारी को पत्नी से मिलने-जुलने से मना किया था। संदेह के कारण पति-पत्नी छह माह से गांव में अलग रहने लगे थे। महिला अपने दोनों बच्चों के साथ गांव में ही रहती थी, जहां पुजारी का आना-जाना था।
ये भी पढ़ें: CG में पुजारी की जघन्य हत्या, मंदिर में मिली खून से लथपथ लाश…जानिए पूरा मामला
29 अगस्त को पुजारी महिला के घर गया था। 30 अगस्त की रात भी वह वहां गया था, लेकिन महिला ने दरवाजा नहीं खोला था। पुजारी मंदिर में ही सोता था। शनिवार की रात वह मंदिर के कमरे में सो रहा था। इसी बीच सुरेश धुरी अपने चार अन्य रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने कमरे पर पत्थर मारा, जिससे पुजारी बाहर देखने निकला। बाहर सभी ताक में बैठे थे। पुजारी बाहर आते ही उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने मामले में सुरेश समेत चारों रिश्तेदारों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
इसी का बदला लेने आरोपी ने शनिवार रात सही समय देखकर अपने दोस्तों के साथ पुजारी को मोटरसाइकिल की पूजा के बहाने बाहर बुलाया और वाहन उपलब्ध होने के दौरान ईंट और सस्पेंशन पाइप से हमला कर हत्या कर दी और मौके से सभी फरार हो गए थे। एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा, तखतपुर थाना टीम और ACCU टीम की सक्रियता के चलते 12 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा दी गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुजारी पर अलग-अलग धारदार हथियारों से हमला किया गया है। मुख्य आरोपी सुरेश ने उस पर चाकूनुमा धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया है। अचानक हुए हमले से पुजारी को कुछ समझने का समय नहीं मिला। एक आरोपी की मौके पर ही चप्पल छूट गई थी।