RAIPUR NEWS. स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल के लिए भाजपा आत्मनिर्भर भारत अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान में राष्ट्रीय सह संयोजक और सांसद सीपी जोशी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय रायपुर में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन महीनों में इन कार्यक्रमों को प्रदेश, जिला और मण्डल की टोलियाँ मूर्तरूप देने का काम करेगी।
सीपी जोशी ने कहा कि प्रमुख रूप से आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत हर घर स्वदेशी-घर घर स्वदेशी को लेकर भाजपा देशभर में राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, जिला और मण्डल स्तर तक कार्यशालाओं का आयोजन कर रही है। आगामी 25 सितम्बर से लेकर 25 दिसम्बर तक देशभर में अनेक कार्यक्रम होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य देश में 85 प्रतिशत दैनिक उपयोग व खाने-पीने की वस्तुओं को लेकर स्वदेशी का आग्रह करना है।
सीपी जोशी ने कहा कि यह देश आजादी से पूर्व आत्मनिर्भर था। सन् 1720 में हमारी अर्थव्यवस्था 18 फीसदी थी, लेकिन आजादी के बाद जैसी परिस्थितियाँ बनीं, वह देश ने देखी है। पर अब पिछले 10-11 वर्षों में इस देश से अलग-अलग क्षेत्रों में बहुत बड़ी-बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि 1947 के बाद इस देश ने गेहूँ आयात होते भी देखा है, सोना गिरवी रखते हुए भी देखा है, इस देश की अर्थ-व्यवस्था भी देखी है, इस देश का दिशा-चक्र भी दुनिया पर निर्भर होते भी देखा है। लेकिन पिछले 10-11 वर्षों में चाहे चावल का निर्यात हो, चाहे गेहूँ का उत्पादन हो, चाहे दुग्ध उत्पादक का मुद्दा हो, दुनिया में सिरमौर आज भारत ही बन रहा है।