GARIYABAND NEWS. छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं। ज्यादातर एक्सीडेंट रात में होते हैं। वजह- स्पीड, झपकी लगना या ओवरटेक होता है। इस बीच, गरियाबंद जिले में बड़ा हादसा हो गया है। दरअसल ड्राइवर को झपकी आने से बेकाबू कार पत्थर से टकराकर होकर नाले में गिर गई, जिसमें भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, डोर लॉक होने से 5 लोग अंदर ही फंसे रह गए। सुबह लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, जबकि 3 लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया गया कि सभी लोग बिलाईगढ़ से भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। मरने वालों की पहचान बिलाईगढ़ जिले के भटगांव निवासी लोकेश साहू (35) और पंकज दास मानिकपुरी (38) भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के रूप में हुई है। फिंगेश्वर थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया कि, दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर परिजनों को सूचना दी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: झारखंड के पूर्व CM शिबू सोरेन का निधन, किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे…जानिए पूरा राजनीतिक सफर
जानकारी के मुताबिक फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। कार में बिलाईगढ़ से 5 लोग सवार होकर गरियाबंद के भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात 2 बजे कार चला रहे पंकज दास को झपकी आ गई। जिस कारण कार एक पत्थर से टकराकर सीधे नाले में गिर गई। बताया जा रहा है कि, कार के नाले में गिरने से सभी गेट लॉक हो गए, जिससे पांचों लोग अंदर ही फंस गए। वो रात भर चीखते-चिल्लाते रहे। जब सुबह करीब 5 से 6 बजे लोग शौच के लिए नाले के पास पहुंचे, तो उनकी नजर कार पर पड़ी, जिसके बाद गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया।
इस हादसे में लोकेश साहू और पंकज दास मानिकपुरी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव घायल हैं। तीनों घायलों को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जबकि मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद फिंगेश्वर पुलिस सुबह मौके पर पहुंची।
ये भी पढ़ें: इस वेबसाइट से जान सकेंगे 3800 सरकारी योजनाएं, ऐसे जानें आप पात्र हैं या नहीं
वहीं बस्तर की लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH 30) पर सोमवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। कांकेर से केशकाल की ओर जा रही एक यात्री बस को तेज रफ़्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि किसी की मौत नहीं हुई। हल्की चोटें आई हैं।