RANCHI NEWS. झारखंड सियासी गलियारों से दुखद खबर मिली है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका डेढ़ महीने से इलाज चल रहा था। शिबू सोरेन को किडनी संबंधी समस्याओं के चलते जून के आखिरी हफ्ते में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता के निधन की जानकारी एक्स पर दी। उन्होंने लिखा कि आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।
इसके बाद में सर गंगा राम अस्पताल, दिल्ली ने जानकारी दी कि शिबू सोरेन को आज सुबह 8:56 बजे मृत घोषित कर दिया गया। लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। वे किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक भी हुआ था। पिछले एक महीने से वे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। 81 वर्षीय शिबू लंबे समय से अस्पताल में नियमित रूप से इलाज करा रहे थे।
ये भी पढ़ें: इस वेबसाइट से जान सकेंगे 3800 सरकारी योजनाएं, ऐसे जानें आप पात्र हैं या नहीं
बता दें कि शिबू सोरेन पिछले 38 सालों झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख नेता थे। उन्हें पार्टी के संस्थापक संरक्षक के रूप में जाना जाता था। पूर्व मुख्यमंत्री सोरेन का जन्म 11 जनवरी, 1944 को बिहार अब झारखंड के हजारीबाग में हुआ था, उन्हें दिशोम गुरु और गुरुजी के नाम से भी जनता के बीच जाना जाता रहा। उन्होंने शुरुआत में आदिवासियों के शोषण के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने 70 के दशक में ‘धनकटनी आंदोलन’ और अन्य आंदोलनों के जरिए आदिवासी समाज की आवाज बुलंद की।
झारखंड बनाने में निभाई निर्णायक भूमिका
बताया जाता है कि बिहार से अलग राज्य ‘झारखंड’ बनाने के आंदोलन में भी शिबू सोरेन की निर्णायक भूमिका रही है। वे तीन बार (2005, 2008, 2009) झारखंड के मुख्यमंत्री बने, लेकिन एक बार भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। वह यूपीए के पहले कार्यकाल में कोयला मंत्री बने थे, लेकिन उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। पिता शोभराम सोरेन कि हत्या के बाद शिबू सोरेन ने राजनीति में कदम रखा था।
1977 में पहली बार चुनावी मैदान में उतरे थे सोरेन
तीन बार के मुख्यमंत्री रहे शिबू सोरेन ने पहली बार 1977 में लोकसभा का चुनाव लड़ा था, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि 1980 में उन्हें सफलता मिली थी। इसके बाद 1986, 1989, 1991, 1996 में भी वो चुनाव जीते थे। 2004 में वे दुमका से लोकसभा के लिए चुने गए थे। शिबू सोरेन झारखंड के सीएम भी रहे हैं. अब उनके बेटे हेमंत सोरेन राज्य के सीएम हैं।
ये भी पढ़ें: अब Instagram में 1000 से कम फॉलोअर्स वाले यूजर नहीं कर पाएंगे लाइव, पढ़ें नया नियम