RAIPUR NEWS. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार साय मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। राज्यपाल रामेन डेका ने आज यानी 20 अगस्त को गजेंद्र यादव, खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। साय कैबिनेट में तीन नए मंत्री शामिल हो गए हैं। इस बार हरियाणा फॉर्मूले से मंत्रिमंडल बनाया गया है। अब प्रदेश में सीएम समेत 14 मंत्री हो गए हैं। शपथ लेने के बाद तीनों को दिल्ली बुलाया गया है। तीनों दिल्ली जाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री लखन देवांगन, श्यामबिहारी जायसवाल और टंकराम वर्मा के अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव समेत कई नेता-अफसर मौजूद रहे। मंत्रियों को मिलने वाली तीन गाड़ियां भी राजभवन पहुंच चुकी हैं, जिसमें बैठकर मंत्री वापस गए।
ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस में साथ दिखेंगे सनी और बॉबी देओल, इस फिल्म की स्क्रिप्ट सुन रो पड़े धर्मेंद्र
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक संगठन विस्तार के दौरान तीन नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी। अनुमान है कि एक मंत्री सामान्य वर्ग से, दूसरा अनुसूचित जनजाति से और तीसरा पिछड़ा वर्ग से चुना जा सकता है।
इस फॉर्मूले से मंत्रिमंडल का विस्तार
दरअसल, हरियाणा में भी 90 विधायक हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा रहे हैं। हालांकि छत्तीसगढ़ बनने के बाद से 13 मंत्री ही बनते आ रहे हैं। नियमों के तहत विधायकों की संख्या के 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते हैं। इस लिहाज से 90 विधायकों में 13.5 मंत्री बन सकते हैं इसलिए अब मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री होंगे।