RAIPUR/INDOUR NEWS. अहमदाबाद हादसे के बाद एयरलाइंस में लगातार तकनीकी खामियां देखने को मिल रही हैं। इसके कारण कई विमानों का इमरजेंसी लैंडिंग भी कराई जा रही है। इस बीच, एक बड़ा हादसा टल गया है। दरअसल, इंदौर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट की आज सुबह यानी 8 जुलाई को देवी अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि सुबह 6:30 बजे फ्लाइट (सिक्स-ई-7295, एटीआर) के उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद विमान में फॉल्स अलार्म के संकेत मिलने लगे। इसके बाद पायलट ने एहतियातन फ्लाइट को वापस इंदौर लाने का फैसला किया।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद फ्लाइट रद्द कर दी गई। पैसेंजर्स को टिकट का पैसा वापस लेने या बुकिंग रीशेड्यूल करने के विकल्प दिए गए हैं। विमान ने मंगलवार सुबह 6:35 बजे रायपुर के लिए टेक ऑफ किया था। करीब आधे घंटे बाद फ्लाइट में अचानक जोर का झटका महसूस हुआ, जिसके कुछ ही देर बाद पायलट ने फ्लाइट को वापस इंदौर लाने की घोषणा की। इसे सुबह 7:15 बजे सुरक्षित लैंड करा लिया गया।
ये भी पढ़ें: दुर्ग विश्वविद्यालय की वेबसाइट हैक…हैकर्स ने लिखा- अगली बार अगर हमारी सीमाओं पर हमला करने की कोशिश की, तो हम तुम्हें ऐसी…
बता दें कि इंडिगो की फ्लाइट 6E 7295 रोजाना सुबह 6:35 बजे इंदौर से उड़ान भरती है और सुबह 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि फ्लाइट अपने तय समय पर रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान पायलट को फॉल्स अलार्म (गलत तकनीकी संकेत) मिले। इसके बाद फ्लाइट को बीच रास्ते से ही वापस इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करवा लिया गया।
यात्रियों को फ्लाइट से ऑफ लोड कर दिया गया। 72 सीटों की क्षमता वाले एटीआर विमान में 51 यात्री सवार थे। विमान 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर बड़नगर के पास पहुंच चुका था, तभी पायलट को कॉकपिट में तकनीकी खराबी के संकेत मिले। इसके बाद पायलट ने तुरंत इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और विमान को वापस लाने की अनुमति मांगी।
एटीसी की अनुमति मिलने के साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन को सूचना दी गई, जिससे सभी संबंधित विभाग सक्रिय हो गए। विमान में सवार यात्रियों के अनुसार उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान में अचानक झटका लगा, जिससे सभी पैसेंजर घबरा गए। थोड़ी देर बाद पायलट ने घोषणा की कि तकनीकी खराबी के कारण विमान को वापस इंदौर लाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका ने इन देशों पर लगाया 40% तक टैरिफ, ट्रंप ने दी ये चेतावनी, चीन बोला-धमकी मत दो