PATNA NEWS. इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बार जदयू-भाजपा, कांग्रेस-राजद के अलावा एक सियासी पाट्री की एंट्री हो गई है। कई नेताओं के राजनीतिक सलाहकार रहे प्रशांत किशोर ने जनसुराज पार्टी बनाई है। प्रशांत बिहारियों के हक के लिए लगातार सभाएं कर रहे हैं। इस बीच, पटना में आज यानी 23 जुलाई को प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जनसुराज के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की। विधानसभा में जारी मानसून सत्र के बीच जन सुराज कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खूब धक्कामुक्की भी हुई।
दरअसल, जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बताया कि तीन मुद्दों को लेकर उनकी पार्टी के कार्यकर्ता विधानसभा घेरने निकले हैं। इसमें सरकार की घोषणा के बावजूद गरीब परिवारों को रोजगार के लिए 2 लाख रुपये क्यों नहीं मिले, 2. दलित भूमिहीन परिवारों को 3 डिसमिल जमीन क्यों नहीं मिली और भूमि सर्वेक्षण में भ्रष्टाचार पर चर्चा क्यों नहीं हो रही है, ये मुद्दे शामिल है।
ये भी पढ़ें: Internet स्पीड अचानक धीमी हो जाती है तो तुरंत जान सकेंगे वजह…ऐसे कर सकते हैं चेक
इस दौरान जनसुराज पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर ने कहा कि हम लोग यहीं पर डटे हुए हैं, जब तक सरकार का कोई प्रतिनिधिमंडल हमें आश्वाशन नहीं दे देता, हम जाने वाले नहीं हैं। यह जंग की शुरुआत है। हम इनका जीना दुश्वार कर देंगे। बिहार की जनता बदलाव चाहती है. ये लोग पुलिस के पीछे और सदन में छुप नहीं सकते। उन्होंने कहा कि हम नीतीश कुमार को उनके घर में घेर लेंगे। किसी से डरते नहीं हैं। अभी एक लाख आदमी लाकर उनके घर का घेराव करेंगे, उनको निकलने नहीं देंगे।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि उनको राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया जा रहा है और जाने से भी रोका जा रहा है। घेराव के दौरान प्रशांत ने कहा कि शेखपुरा हाउस से विधानसभा घेराव करने के लिए वह और उनके कार्यकर्ता मार्च कर रहे हैं। हस्ताक्षर अभियान में एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर के बाद यह मार्च शुरू किया गया है।
वहीं, प्रशांत किशोर की पार्टी का दावा है कि पुलिस की लाठीचार्ज और धक्का-मुक्की में कई पार्टी कार्यकर्ता गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उन्होंने दावा किया है कि सरकार उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह ऐसा जवाब देंगे जो पूरा बिहार देखेगा। जनता के लिए हम ऐसे ही आंदोलन करते रहेंगे और हमें कोई रोक नहीं पाएगा।