NEW DELHI NEWS. देश में सदी की सबसे बड़ी हवाई त्रासदी हुई। अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन गुरुवार दोपहर टेक ऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। 229 विमान यात्री, 2 पायलट व 10 क्रू मेंबर, पूर्व सीएम विजय रूपाणी समेत 268 लोगों की मौत हो गई। एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। विमान एयरपोर्ट के बाहर मेघाणीनगर सिटी सिविल हॉस्टल पर गया, जहां 5 डॉक्टरों समेत 27 लोगों की मौत हो गई। 20 डॉक्टर लापता हैं। इस भयावह विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 8:30 बजे अहमदाबाद पहुंचेंगे। उनका यह दौरा करीब दो घंटे का होगा। वे एयरपोर्ट से सीधे क्रैश साइट जाएंगे, जहां मौके का जायजा लेंगे और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे।
फ्लाइट नंबर AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इस हादसे में सिर्फ भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार बच पाए हैं। वे प्लेन की सीट नंबर 11-A पर बैठे थे। उन्होंने कहा कि टेकऑफ के 30 सेकेंड बाद ही प्लेन जबरदस्त आवाज के साथ क्रैश हो गया। मुझे होश आया तो मेरे अगल-बगल लाशें ही लाशें थी। इस विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।
उड़ान भरते ही विमान 2.5 किमी दूर बीजे मेडिकल एंड सिविल हॉस्पिटल की बिल्डिंग से जा टकराया। इस बिल्डिंग में अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इमारत में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, इनमें 15 से ज्यादा घायल हो गए हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि शवों की पहचान के लिए 1000 से ज्यादा DNA टेस्ट किए जाएंगे। गुजरात के पास इतनी बड़ी संख्या में टेस्ट की कैपेसिटी है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि जांच चल रही है। हमने जांच टीम भेज दी है। इस जांच की जिम्मेदारी हमारे विदेश मंत्री संभाल रहे हैं। हम सच्चाई जानने के लिए भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। एअर इंडिया ने X पर जानकारी देते हुए 241 यात्रियों की मौत को कंफर्म किया है। वहीं, परिवारों को जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। भारत में: 1800 5691 444 और विदेश में: +91 8062779200 नंबर है।
अमेरिका की NTSB की टीम जांच में करेगी सहयोग
अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) जानकारी दी कि NTSB की एक टीम अमेरिका से भारत आएगी और दुर्घटना की जांच में भारत की एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की मदद करेगी। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) के हवाले से न्यूज एजेंसी PTI ने जानकारी दी कि हादसे में BJ मेडिकल कॉलेज के कम से कम 5 MBBS छात्रों, एक पीजी रेजिडेंट डॉक्टर और एक सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर की पत्नी, कुल 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 60 से ज्यादा मेडिकल छात्र घायल हुए हैं।