JHANSI NEWS. यूपी के जनपद झांसी में एक 5 साल की मासूम बच्ची दर्शिका ने तुतलाते हुए कहा कि उसकी मां सोनाली का मर्डर उसके पापा संदीप बुधौलिया ने किया है। सोनाली की मौत की खबर पर जब मायके वाले आए तो पति संदीप ने बताया कि उसकी पत्नी सोनाली ने सुसाइड कर लिया। जब दर्शिका से पूछा तो उसने मां के मर्डर का राज खोल दिया। उसने एक ड्राइंग बनाकर बताया कि किस तरह उसके पापा ने मां की हत्या की थी। उसने ड्राइंग में दिखाया कि कैसे मां को फांसी पर लटकाया गया था।
मृतका के पोस्टमॉर्टम में उसके शरीर पर करीब 9 चोटें मिलीं थी। बताया गया कि डॉक्टरों के दो पैनल ने सोनाली के शव का पोस्टमॉर्टम किया। इस दौरान उसके शरीर पर करीब 9 चोटें पाई गई, वहीं उसकी मौत का कारण फांसी बताया गया है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत से पहले सोनाली के साथ मारपीट की गई थी। इसके अलावा उसके हाथ-पैर पर भी चोट के निशान थे। मृतिका सोनाली के पिता संजीव त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने पति संदीप, सास विनीता, जेठ कृष्ण कुमार और जेठानी मनीषा के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने पति संदीप को हिरासत में ले लिया गया है।
जब बेटी ने मां की चिता को लगाया हाथ
मासूम बेटी जब अपनी मां को मुखाग्नि देने पहुंची तो उसने अपनी मां की चिता को हाथ लगाया और मुखाग्नि दी। यह देख वहां मौजूद सभी की आंखो में आंसू आ गए। बताया गया कि पोस्टमॉर्टम के बाद मायके वाले सोनाली का शव बड़ागांव गेट के बाहर स्थित श्मशान घाट ले गए। जहां अंतिम संस्कार की सारी रस्में मासूम बेटी दर्शिका ने निभाई। जब मां का शव चिता पर रखा गया तो मासूम बेचैन हो उठी। उसकी आंखें नम हो गईं। उसने मां की चिता को पहले हाथ लगाया और मुखाग्नि देते हुए अंतिम संस्कार किया।
क्या कहा मासूम दर्शिका ने
इधर पूंछने पर 5 साल की मासूम दर्शिका ने कहा कि मैंने अपनी मम्मा का अंतिम संस्कार किया, क्योंकि पापा नहीं आए। पापा ने मम्मा को मारा है, इसलिए वह नहीं आए। पुलिस ने पापा को ढूंढ लिया है और अब उन्हें जेल में डालेंगे।
क्या है पूरी कहानी…
बताया गया कि सोनाली समथर के नई बस्ती की रहने वाली थी। लेकिन अभी वह परिवार के साथ पंचवटी स्थित शिव परिवार कॉलोनी में रहती थी। 2019 में उसकी शादी झांसी निवासी संदीप बुधौलिया से हुई थी। संदीप एक दवा कंपनी में एमआर का काम करता है। इधर सोनाली के पिता संजीव ने बताया कि बेटी के ससुराल वाले उससे कार की मांग कर रहे थे। इसके चलते वह आए दिन उसके साथ मारपीट भी करते थे।
करीब 5 साल पहले सोनाली ने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन ससुरालियों को बेटा चाहिए था। जिसके चलते आए दिन उसकी बेटी को ताना मारा जाता था। उन्होंने समझाया कि ये किसी के हाथ में नहीं हैं। एक दिन उन्होंने सोनाली के साथ मारपीट की और उसका हाथ जला दिया। जिसकी शिकायत थाने में की गई थी और केस करीब दो साल तक चला। करीब 6 माह पहले मामले में समझौता हुआ था।
समझौते के बाद बेटी को ससुराल भेजा, लेकिन ससुरालियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। पिता ने बताया कि सोनाली के मामा के लड़के की शादी थी। सोनाली अपनी बेटी को लेकर 12 फरवरी को शादी में गई थी। 14 फरवरी को शादी हुई। रविवार को उसके पति संदीप ने फोन कर उससे कहा कि आज नहीं आई तो कभी मत आना। इसके चलते उसने सोनाली को ससुराल भेज दिया।
शाम करीब 6 बजे वह अपने घर पहुंच गई। सोमवार की सुबह उसके ससुराल से फोन आया कि सोनाली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के बाद हम लोग मेडीकल कॉलेज पहुंचे जहां नातिन ने बताया कि मम्मा को उसके पापा ने मारा है।
10 दिन बाद थी शादी की सालगिरह
इधर सोनाली की मां ने रोते हुए कहा कि 27 फरवरी को बेटी की शादी को 7 साल पूरे हो जाते। लेकिन मेरी बेटी इन 7 सालों में कभी खुश नहीं रही। हमने अपनी 7 बीघा जमीन बेचकर उसकी शादी की थी। शादी के बाद से ही उसे परेशान किया जा रहा था। उसके ससुराल वाले पैसे और कार की मांग आए दिन करते थे। लेकिन हम लोगों के पास देने को कुछ नहीं बचा था। जिस कारण उसे आए दिन परेशान किया जाता था।