RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में आज शहर सरकार का फैसला होने जा रहा है। राज्य के 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषद और 114 नगर पंचायतों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 9 बजे से शुरू हो चुकी है। जिसके बाद अब नतीजा आना शुरू हो चुका है।
आज शाम तक यह तय हो जाएगा कि राज्य के 10 नगर निगमों में किसकी महापौर बनने वाली है। राजधानी रायपुर नगर निगम की तो यहां बीजेपी की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे की बड़ी जीत हो चुकी है। 15 साल बाद रायपुर नगर निगम में भाजपा ने कब्जा किया है। जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे करीब 74 हजार वोटों से चुनाव जीत गई है।
आपको बता दें कि इससे पहले भाजपा की बढ़त पर कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने हार स्वीकार कर ली थी। कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि महापौर का चुनाव व्यक्तिगत न होकर पार्टीगत हो गया है, नगरीय निकाय चुनाव का ट्रेंड बदल रहा है।
बता दें कि कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति दुबे को महापौर प्रत्याशी बनाया था। तो वहीं भाजपा ने तीन बार की पार्षद और पूर्व नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे को चुनावी मैदान में उतारा था। अब चुनाव परिणाम में भाजपा महापौर प्रत्याशी करीब 74 हजार वोटों से जीत दर्ज कर ली है।
वहीं वार्डों की बात करें तो यहां 70 वार्डें में 48 वार्डों पर भाजपा बढ़त बनाई हुई है। तो वहीं कांग्रेस 11 वार्डों पर लीड करते हुए दिखाई दे रही है। वहीं 11 वार्डों पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहा है। वहीं रायपुर के दो वार्डों से ढेबर दंपति आगे चल रहे हैं। मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड से अर्जुमन ढेबर 762 मतों से आगे चल रहीं हैं, तो वहीं भगवतीचरण शुक्ल वार्ड से एजाज ढेबर 586 मतों से आगे चल रहे हैं।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 16 मेयर प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, राजनांदगांव और कोरबा से 11-11 कैंडिडेट्स ने चुनाव लड़ा है। दुर्ग में सबसे कम केवल 2 मेयर प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा, वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की संख्या भी विभिन्न नगर निगमों में विभिन्न है। रायपुर में 306, कोरबा में 281, बिलासपुर में 230 और दुर्ग में 228 कैंडिडेट्स चुनावी दौड़ में शामिल हैं।