DURG. दुर्ग जिले के शिवनाथ नदी से लगे बाफना गोल्फ क्लब में बड़ा हादसा हो गया। हादसा गोल्फ क्लब के 27 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर के गिरने से हुआ। हादसे के समय ढलाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान 13 मजदूरों पर पोर्च का मलबा भरभराकर जा गिरा। मजदूरों को गंभीर चोट आयी है। वहीं उनमें से कुछ की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मजदूरों को निकालकर उन्हें अस्पताल भेजा गया।
बता दें, दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में ढलाई के दौरान बाफना गोल्फ क्लब का पोर्च भरभराकर ढह गया। मलबे के नीचे कई मजदूर दब गए। जिससे उन्हें गंभीर चोट आयी है। घटना की जानकारी डायल 112 को दी गई।
तत्काल पुलिस पहुंची और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। इस दौरान घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। जेवरा सिरसा चोकी प्रभारी खगेंद्र पाठारे ने बताया कि बाफना गोल्फ क्लब में एक पोर्च की ढलाई चल रही थी।
इस दौरान यह पूरा हादसा हुआ। यहां पर कुल 30 मजदूर काम कर रहे थे। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने राहत और बचाव कार्य किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ढलाई के दौरान मजदूर ऊपर भी थे
जानकारी के मुताबिक हादसा ढलाई कार्य के दौरान हुआ। ढलाई कार्य में 27 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर पर 8 मजदूर ऊपर थे। वहीं कुछ मजदूर नीचे थे। अचानक से पोर्च भरभराकर गिर गया।
सुरक्षा का नहीं रखा गया ध्यान
बिल्डिंग के निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की लापरवाही सामने आयी। माना जा रहा है कि 27 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर के ढलाई में लगे मजदूरों के पास न तो हेलमेट था और न ही किसी तरह की अन्य सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं की गई थी। सेंटरिंग की मजबूती को लेकर भी लापरवाही की बरतने की बात कहीं जा रही है।