BHILAI. भिलाई के कुम्हारी स्थित केड़िया डिस्टलरी में काम करने वाले कर्मचारियों को फैक्ट्री से घर ले जा रही बस रात में खाई में गिर गई। बस में करीब 35 से 40 लोग सवार थे। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें चार महिलाएं और सात पुरुष शामिल हैं। दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने इसकी पुष्टि की है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के लोग पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है।
दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में केडिया डिस्टलरी है। आज रात करीब आठ बजे सांई ट्रैवल्स की बस डिस्टलरी के कर्मचारियों को लेकर आ रही थी। ग्राम खपरी के पास बस का नियंत्रण गड़बड़ाया और बस गड्ढे में जाकर पलट गई। बस में करीब 40 से ज्यादा लोग सवार थे।
सूत्रों के अनुसार हादसे में करीब 11 लोगों की मौत हो गई, दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने इसकी पुष्टि की है। बचाव कार्य के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। बचाव के काम में दो क्रेनों को भी लगाया गया है। जानकारी मिली है कि बस के नीचे भी कुछ कर्मचारी दबे हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 50 फिट गहरी खाई में नीचे बस पलटी गई है। इस हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस बस में मजदूर सवार थे। ताजा जानकारी मिलने तक लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू करने में दिक्कतें आ रही है।
घायलों को नजदीक के अस्पताल में भेजा गया है। वहीं बढ़ती केजुअलटी को लेकर एम्स प्रबंधन भी अलर्ट मोड पर है, कुम्हारी दुर्घटना के कुछ घायलों को एम्स लाया गया है। सबसे पहले 2 महिलाएं गंभीर हालत में इलाज के लाई गई हैं।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय सांसद विजय बघेल भी पहुंचे हैं। सीएम विष्णुदेव साय ने भी घटना पर दुख जताया है, उन्होंने 11 लोगों की मौत पर दुख जताया है। और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
सांसद विजय बघेल ने बोले, CM से बात कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी
सांसद विजय बघेल ने कहा है कि घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है, साथ ही शासन प्रशासन से भी बात करके उनके लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास कर रहे हैं। विजय बघेल ने कहा कि आज तक उस जगह पर कभी भी हादसा नहीं हुआ है एक दो बार मोटर साइकिल से दुर्घटनाएं हुईं थी। विजय बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर घायलों और मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। SP ने पुष्टि की है कि 11 लोगों की मौत हुई है। ये केडिया के कर्मचारी थे।