RAIPUR. महतारी वंदन योजना के शुरू होने में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। वह इसे प्रदेश की महतारियों के साथ धोखा बता रही है। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने काग्रेस पर बड़ा हमला किया है। मंत्री केदार केदार कश्यप ने कहा है कि भाजपा प्रदेश की महिला को धोखा नहीं मौका दे रही है।
बता दें कि प्रदेश में महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली राशि को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने सामने हैं। कांग्रेस महिलाओं के साथ धोखा बता रही है तो मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि महिलाओं के साथ धोखा तो कांग्रेस ने किया था और उनसे रेडी टू ईट का काम छीन लिया था।
भाजपा ने उन्हें फिर से रेडी टू ईट का काम सौंपा है। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा महिलाओं को ना सिर्फ मौका दे रही है, बल्कि सम्मानित कर उन्हें सशक्कत करने काम भी कर रही है।
उन्होंने बस्तर के भाजपा नेताओं की ओर से केंद्रीय रक्षा मंत्री को सुरक्षा की मांग करते हुए पत्र लिखे जाने पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहले भी पुलिस रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय नेताओं को सुरक्षा दिया गया था।
चूंकि पिछले कुछ दिनों से भाजपा नेताओं पर लगातार हमले हुए हैं, लिहाजा, जिन्हें भी सुरक्षा की जरूरत है या वर्तमान सुरक्षा कैटेगरी को बढ़ाने की जरूरत है, सरकार पहल करेगी। उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
बता दें कि 10 मार्च को प्रदेश की राजधानी रायपुर के साथ सभी जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, नगरीय निकाय क्षेत्रों में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय एवं नगरीय निकायों में आयोजित कार्यक्रमों से सीधे वर्चुअल जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे और हितग्राहियों से बात करेंगे। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से पहली किश्त का अंतरण किया जाएगा। इससे प्रत्येक माह महिलाओं के खाते में 1000 रूपये आएंगे।