RAIPUR. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भाजपा को उसी की तर्ज पर जवाब देते हुए बड़ा दांव चल दिया है। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेसी कार्यकर्ता हर घर जाकर नारी न्याय गारंटी योजना का फार्म भरवाएंगे। कांग्रेसी कार्यकर्ता सभी लोकसभा क्षेत्रों में घर घर जाकर फार्म भरवाएंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने इसका ऐलान किया है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस की नारी न्याय गारंटी को घर घर पहुंचाने फार्म भरवाएंगे। कांग्रेस पार्टी जो वादे करती है उसे जरूर पूरा करती है। हमारी गारंटी में जो भी वादे हैं उसे पूरा किया जाएगा। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा में इस बात का ऐलान पहले से ही कर चुकी है कि देश में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो देश की प्रत्येक महिला को हर साल एक लाख रुपए दिए जाएंगे। इसी तरह के योजना किसान और युवाओं के लिए भी कांग्रेस ने बनाई है।

इधर कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक खत्म हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने अपने बयान में कहा है कि जब से राज्य बना है हमें यहां अच्छी सफलता नहीं मिली। इस बार मेरे पास सभी लोकसभा क्षेत्रों से फीडबैक है।

इस बार लोकसभा चुनाव में लोग हमें आशीर्वाद देने वाले हैं। लोकसभा की अधिकांश सीटों हम जीत दर्ज करेंगे। 11 लोकसभा में इसी तरह के फार्म भरे जायेंगे। फार्म में लोकसभा के अनुसार प्रत्याशी के फोटो होंगे।

गौरतलब है कि बीते विधानसभा चुनाव 2023 में इसी तर्ज पर भाजपा ने कांग्रेस को राज्य में बुरी तरह से हराया था। महतारी वंदन योजना के फार्म भाजपाइयों ने घर घर जाकर भरवाए गए थे।

जिसके बाद महिलाओं के बीच भाजपा का माहौल बन गया था। अब देखना होगा कि कांग्रेस का ये प्रयोग कितना सफल होगा और महिलाओं को लुभाने में नारी न्याय योजना कितना सफल हो पाएगी।





































