RAIPUR. बॉलीवुड फिल्म आर्टिकल 370 बड़े पर्दे पर हिट साबित हो रही है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने पर आधारित यह बड़े परदे पर खूब कमाई कर रही है। यामी गौतम अभिनीत आर्टिकल 370 वीकएंड में धांसू कमाई करने के बाद वीकडेज में भी यह अच्छा कलेक्शन कर रही है। इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्नी के साथ फिल्म आर्टिकल 370 देखी।
इसके साथ ही CM साय ने आर्टिकल 370 फिल्म छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री कर दिया है। इससे पहले CM डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश आर्टिकल 370 को टैक्स भी कर दिया था। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिकल 370 बहुत अच्छी फिल्म है और इसे सभी को जरूर देखना चाहिए।
CM साय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने की कल्पना करना बड़ा कठिन था और माना जाता था कि इसे हटाने से घाटी में अशांति फैलेगी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और सूझबूझ से कश्मीर से धारा 370 हटाया गया।
इससे वहां न केवल अमन चैन स्थापित हुआ है बल्कि स्वतंत्रता और शांति से जीने का वातावरण भी बन गया है। इस मौके पर उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप और कई विधायक भी मौजूद रहे।
CM साय ने कहा कि हमारी विचारधारा एक देश, एक विधान, एक निशान को लेकर है। जम्मू कश्मीर में धारा 370 इस बुनियादी विचारधारा से असंगत थी। हमारे नेताओं ने आजादी के बाद से ही इसका कड़ा विरोध किया। धारा 370 को हटाने का संकल्प हमने लिया था। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह संकल्प पूरा हुआ। मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम साय ने कहा कि आज कश्मीर शांति की ओर बढ़ रहा है। भारत की एकता को लेकर यह बड़ा काम मोदी जी ने किया।
CM ने कहा कि इस में कश्मीर के हालात को बहुत अच्छी तरह से दिखाया गया है और यह बताया गया है कि किस तरह से आर्टिकल 370 की वजह से कश्मीर विकास की राह में पिछड़ रहा था और इसे खत्म करने के लिए हमारे नेताओं ने कितना कठिन संघर्ष किया।