RAIPUR. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का झारखंड दौरा रद्द हो गया है। बघेल का 17 फरवरी को रांची जाने का कार्यक्रम तय था। झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासी बवाल मचा हुआ है।
चंपई सरकार में शामिल कांग्रेस के विधायकों को तवज्जों नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ गई है। नाराज विधायकों की गतिविधियों ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। नाराज नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी भूपेश बघेल को दी गई है। बघेल अब दिल्ली जाएंगे।
बता दें कि झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया गया है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासी बवाल मचा हुआ है। चंपई सरकार में शामिल कांग्रेस के विधायकों में नाराजगी बढ़ गई है।
कांग्रेस के 17 में से 12 विधायक नाराज हैं। इन विधायकों ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण से पहले और बाद में भी बैठक की। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने आगे खेला होने की बात कही है।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक झारखंड के सीएम चंपई सोरेन को दिल्ली बुलाया गया है। कांग्रेस के नाराज विधायक भी शनिवार शाम की फ्लाइट से दिल्ली जा रहे हैं। झारखंड के कांग्रेस विधायक दिल्ली में पार्टी के बड़े नेताओं से मिलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर सकते हैं।
अगर इनकी नाराजगी पर कोई फैसला हुआ तो सभी विधायक वापस रांची लौट आएंगे, लेकिन विधायकों की नाराजगी का कोई हल नहीं निकला तो दिक्कत हो सकती है।
झारखंड के कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने नाराज विधायकों को समझाने की खूब कोशिश की, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला है। नाराज विधायक खुलकर बयानबाजी भी कर रहे हैं।
नाराज विधायकों में राजेश कच्छप, जयमंगल सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला, सोना राम सिंकू, भूषण बारा, नमन विक्सल कोंगड़ी, रामचंद्र सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, अंबा प्रसाद, दीपिका सिंह पांडेय, पूर्णिमा नीरज सिंह के नामों की चर्चा है।