BHILAI. देश भर के लोगों में 22 जनवरी को लेकर अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। इसे लेकर कई शहरों में विभिन्न आयोजन भी किए जा रहे है। इसी क्रम में श्री राम जन्म भूमि अयोध्या में , श्री राम लला की प्रतिमा की प्राणप्रतिष्ठा के एक दिन पहले यानी 21 जनवरी रविवार को शाम 5.30 बजे दूरदर्शन रायपुर छग केन्द्र से एक विशेष भजन संध्या का प्रसारण होगा। इसमें भिलाई के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक प्रभंजय चतुर्वेदी द्वारा राम भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

इसके साथ ही भजनों में वाद्यों की संगत में, भिलाई के ही ख्यातिलब्ध कलाकर कीर्ति व्यास, वायलिन पर दुष्यन्त हरमुख, बांसुरी पर देवब्रत मजूमदार, आक्टोपॅड पर दिलीप शर्मा, कीबोर्ड पर भागवत साहू, ढोलक पर तथा भालचंद्र शेगेकर तबला संगत करेंगे। दूरदर्शन केन्द्र रायपुर का प्रसारण टाटा स्काई के 1174 न. पर डी टी एच के 718 पर न. तथा डिश टीवी पर होगा।

दुर्ग में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में 21 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे से सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पूरी हो गई है। स्टेडियम में संगीतमयी कार्यक्रम होंगे। यह कार्यक्रम अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर है। भगवान श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समिति समिति अयोध्या धाम द्वारा यह आयोजन पूरे देश में किया जा रहा है।

दुर्ग में राम शोभायात्रा और बाइक रैली
दुर्ग के राजेंद्र पार्क स्थित दादा-दादी, नाना-नानी पार्क में राम शोभायात्रा और बाइक रैली निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं संघ और भाजपा नेता सहित आम जनता शामिल होंगे। यह आयोजन भी अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर योगा मित्र मंडल द्वारा कराया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 7 बजे से शुरू होगा।
भजन संध्या और महाभंडारा कार्यक्रम
भिलाई के प्रियदर्शिनी परिसर स्थित हनुमान मंदिर में भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। जय महाकाल सेवा ट्रस्ट द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 9 बजे से आयोजन प्रारंभ होगा। राम दरबार का श्रृंगार और पूजन किया जाएगा। शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक भजन संध्या और महाभंडारा का आयोजन रखा गया है।




































