NEW DELHI. बिहार की राजनीति में उथल-पुथल के बीच नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंपा। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी विधायकों के साथ बैठक की गई। जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार इंडिया महागठबंधन से पाला बदलकर बीजेपी के साथ नई सरकार बनाने जा रहे हैं। नीतीश कुमार की पार्टी एनडीए गठबंधन के पार्टियों के साथ मिलकर नई सरकार बनाएगी। नीतीश 9वीं बार मुख्यमंत्री बनेंगे। नीतीश कुमार ने इससे पहले कब-कब पाला बदलकर सरकार बनाई है और मुख्यमंत्री भी बने, आइये जानते हैं…
जानिए नीतीश ने कब-कब पाला बदला
1974 में छात्र राजनीति से पॉलिटिक्स में एंट्री करने वाले नीतीश कुमार ने पहली बार साल 1994 में पाला बदला था, तब वे जनता दल का हिस्सा थे। जनता दल से निकलने के बाद नीतीश ने 1994 में जॉर्ज फर्नांडीस, ललन सिंह के साथ मिलकर समता पार्टी बनाई और 1995 का विधानसभा चुनाव वामदलों के साथ मिलकर लड़ा।
1996 में वामदलों से तोड़ा था गठबंधन
चुनाव में समता पार्टी को सफलता नहीं मिली, तो उन्होंने वामदलों के साथ अपना गठबंधन तोड़ लिया और NDA के साथ आ गए। इस तरह से 1996 में नीतीश कुमार ने दूसरी बार पलटी मारी। नीतीश कुमार का एनडीए के साथ यह सफर साल 2010 तक चला। इसके बाद जब नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री फेस के रूप में आगे बढ़ाया गया तो नीतीश कुमार एनडीए से अलग हो गए।
2015 में महागठबंधन के साथ चुनाव लड़े, बाद में BJP से हाथ मिलाया
लोकसभा चुनाव के एक साल बाद ही नीतीश कुमार ने महागठबंधन के साथ 2015 का विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस दौरान नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव उप मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद तेजस्वी यादव का नाम जब IRCTC घोटाले में आया तो नीतीश कुमार ने चौथी बार पलटी मारते हुए BJP के साथ मिलकर सरकार बना ली। साल 2020 का विधानसभा चुनाव नीतीश और बीजेपी ने साथ मिलकर लड़ा और जीत भी हासिल की।
2022 में पांचवीं बार मारी पलटी, सीएम भी बने
2022 में नीतीश कुमार ने एक बार फिर पाला बदला और महागठबंधन के साथ आ गए। यह पांचवीं बार था जब नीतीश कुमार एक पार्टी को छोड़ दूसरी पार्टी में आए। साल 2022 के बाद से अभी तक नीतीश महागठबंधन के साथ थे। अब जनवरी 2024 में नीतीश कुमार ने पाला बदल लिया और NDA गठबंधन में शामिल होने जा रहे हैं।