RANCHI. बहुचर्चित जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग में फंसे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल ने इस्तीफा सौंप दिया है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने बुधवार दोपहर में हेमंत सोरेन से पूछताछ शुरू की थी। इसके बाद से सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही है। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के उपाध्यक्ष और वर्तमान में मंत्री चंपई सोरेन अगले मुख्यमंत्री होंगे।
इस्तीफे की खबरों के बीच जेएमएम और कांग्रेस के विधायक बसों से राजभवन पहुंचे। इसके कुछ मिनट बाद ही हेमंत सोरेन भी राजभवन पहुंचे। इस दौरान ईडी के अधिकारी मौजूद नहीं थे। सूत्रों के हवाले से झारखंड के सत्तारुढ़ पार्टी के गठबंधन (जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी) के विधायक दल की बैठक में चंपई सोरेन को नेता चुन लिया गया है।
चंपई सोरेन हेमंत सोरेन के काफी करीबी नेता बताए जा रहे हैं। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि सीएम सोरेन की पत्नी कल्पना मुख्यमंत्री बन सकती हैं। अब चंपई सोरेन के नाम पर पार्टी ने मुहर लगा दी है। बता दें कि चंपई सोरेन अभी सरायकेला सीट से विधायक हैं। सोरेन सरकार में वे परिवहन, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री भी हैं। चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उपाध्यक्ष भी हैं।