RAIPUR. छत्तीसगढ़ में नव नियुक्त सीएम विष्णुदेव का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को साइंस कॉलेज मैदान में होगा। इस कार्यक्रम मेंप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इनके साथ ही सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस दिन विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे वहीं मंत्रिमंडल की भी शपथ हो सकती है।
इसके पहले छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भारतीय जनता पार्टी के नामित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। राजभवन ने रविवार को यह जानकारी दी। राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने रविवार को राज्यपाल को एक पत्र सौंपा जिसमें कहा गया कि पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना है। भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत किया है। बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने विष्णुदेव साय को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भारत के संविधान की धारा 164 के तहत उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करने संबंधित पत्र प्रदान किया और मंत्रिमंडल के गठन के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल, मनसुख मांडविया, भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर सहित नवनिर्वाचित विधायक, पार्टी के पदाधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
राजभवन का दौरा करने के बाद अरुण साव ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपलब्धता के अनुसार छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को हो सकता है। राज्य में उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति की अटकलों पर उन्होंने कहा कि नए मुख्यमंत्री और पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व इस पर फैसला करेगा। इधर प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाउ ठाकरे परिसर को रोशनी से सजाया गया है। राज्यपाल से मिलने के बाद CM विष्णुदेव साय विधायक कॉलोनी पहुंचे। जहां उनकी पत्नी और परिजनों ने पूजन कर उनको गृह प्रवेश कराया। इस दौरान रीति रिवाजों से पूजन कर Cm विष्णुदेव ने घर में प्रवेश किया। इधर प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाउ ठाकरे परिसर को रोशनी से सजाया गया है।