RAIPUR. आज भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। यहां रायपुर में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और सीएम बघेल पर निशाना साधा है। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि, झूठे वादे, झूठे इरादे कांग्रेस के नहीं नेक इरादे। आगे उन्होंने इस पंक्ति को पूरा करते हुए कहा, बहुत हुआ सट्टे का खेल बाय-बाय भूपेश बघेल।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने कई बड़े वादे किए लेकिन उनके से एक भी वादा पूरा नहीं किया। कांग्रेस की गारंटी और कांग्रेस दोनों फेल है। यहां गौठान घोटाला हुआ है। जिसका कांग्रेस को श्राप लगेगा। गौ माता का श्राप कांग्रेस साफ। वही महादेव सट्टेबाजी ऐप को लेकर उन्होंने कहा कि, महादेव ऐप घोटाले के बाद सीएम भूपेश अपना चेहरा छिपा रहे हैं। लेकिन जैसे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री शराब घोटाले में नहीं बच पाए वैसे ही यहां भी कोई नहीं बच पाएगा।
सीएम बघेल पर हमला बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि, हिमाचल में कांग्रेस ने कई बड़े वादे किए लेकिन सब फेल हुए हैं। कर्नाटक से लेकर हिमाचल तक इनकी सारी गारंटी फेल हुई है। इन्होंने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। जैसे दिल्ली में घोटाले करने वाले जेल गए उसी प्रकार यहां घोटाले करने वाले भी जेल जाएंगे। भाजपा की सरकार आने के एक सप्ताह बाद ही 25 दिसंबर को किसानों को पैसा दिया जाएगा, ये मोदी की गारंटी है।