KANKER. कांग्रेस के संकल्प शिविर में आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरा। आज कांग्रेस का भानुप्रतापपुर नगर में संकल्प शिविर संपन्न हुआ। इस दौरान पीसीसी अध्यक्ष ने 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और राज्य सरकार की पांच साल की जनकल्याणकारी नीतियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा प्रदेश में इस बार भी कांग्रेस की सरकार बनना तय है। बस आप लोग अपने विधानसभा क्षेत्र में अपना विधायक बनाएं।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि हम भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जीत के साथ ही बस्तर की सभी 12 सीटें जीतेंगे। इसके लिए आपको अपने विधानसभा में ध्यान रखना है और कांग्रेस का विधायक बनाना है। इस प्रकार से कांग्रेस के इस संकल्प शिविर में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरते नजर आए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील पाढ़ी, सुभद्रा सलाम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस संकल्प शिविर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के स्वागत में हेलीपैड पर भी कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां से बाइक रैली के माध्यम से मुख्य सभा स्थल गोंडवाना भवन पहुँचे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज,मंत्री अनिला भेड़िया, मुख्यमंत्री सलाहकार राजेश तिवारी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बीरेश ठाकुर, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र ठाकुर शामिल हुए।
बता दें कि प्रदेश में सबसे पहले बस्तर में ही चुनाव होना है, यहां पर 7 नवंबर को चुनाव होना है, इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालाकि अभी तक कांग्रेस के पहली सूची जारी नहीं हुई है, कांग्रेस नेताओं की माने तो कल यानि 15 अक्टूबर को कांग्रेस की सूची जारी होगी।