GARIYABAND. छत्तीसगढ़ में भाजपा की परिवर्तन यात्रा जारी है। इसी कड़ी में राजिम विधानसभा में पहुंची परिवर्तन यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का बड़ा बयान सामने आया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल्द परिवर्तन आएगा और कानून का राज होगा। जैसे उत्तरप्रदेश में गुंडागर्दी करने वालों पर मुख्यमंत्री योगी का बुलडोजर चलता है अब वैसा ही छत्तीसगढ़ में भी होगा। आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवर्तन यात्रा से डरी हुई है और अब आननफानन में भरोसा यात्रा निकाल रही है। जबकि छत्तीसगढ़ की जनता को कांग्रेस पर बिल्कुल भरोसा ही नही हैं।
जिला मुख्यालय गरियाबंद में भाजपा ने आज परिवर्तन यात्रा निकाली, जिसमें तीन केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मौजूद रहे। साथ ही राजिम विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू भी मौजूद थे। भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर छत्तीसगढ़ को लूटने में का आरोप लगाया। उन्होंने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में सीएम बघेल के भंवरा चलाने और गेड़ी चढ़ने को लेकर कहा कि इससे सरकार नहीं चलती। प्रदेश में विकास बिलकुल नजर नहीं आ रहा।
साव ने कहा कि पिछले 5 सालों में आत्मानंद स्कूल के अलावा कोई नया स्कूल नहीं खोला गया। कांग्रेस पार्टी महिला सुरक्षा की बात करती है जबकि यह अपराध कई गुना बढ़ चुका है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी जिस दिन छत्तीसगढ़ आई थी उसी दिन यहां एक और बेटी को हवस का शिकार बनाया गया उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। इतना कुछ होने के बाद भी प्रियंका गांधी चुप्पी साधी रहीं।
इसके अलावा मोदी सरकार द्वारा गरीबों के लिए भेजवाए गए आवास के पैसे भी भूपेश बघेल ने लंबे समय तक रोके रखा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसान के बेटे पर भरोसा कर रोहित साहू को राजिम विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए प्रत्यासी चुना है। राज्य में जब बीजेपी की सरकार आएगी तभी सुशासन आ सकता है। छत्तीसगढ़ में बदलाव की जरूरत है। इसलिए परिवर्तन लाने के लिए 2003 की तरह एक बार फिर परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है जिसमें जनता हमारे साथ है।