MANEDRAGARH. मनेंद्रगढ़ में आम आदमी पार्टी की द्वारा प्रेस वार्ता रखी गई। इसमें आम आदमी पार्टी से निष्कासित किये गए चार पदाधिकारियों के आम आदमी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है।
उन्होंने पार्टी के जिला अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, जिला सचिव विकास पांडे के अलावा महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष सुखमंती सिंह पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इनके द्वारा रेत माफियाओं व खनिज विभाग से लाखों की अवैध वसूली की जाती है और फिर उस पैसे को खुद के लिए खर्च किया जाता है। साथ ही पार्टी द्वारा कराए गए कार्यक्रमों में भी इनका कोई योगदान नहीं रहता। बल्कि पार्टी के कार्यकर्ता खुद अपनी जेब से कार्यक्रम करते हैं।
दरअसल, जिला सचिव विकास पांडे द्वारा इन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का पत्र दिया गया। जबकि प्रदेश से इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी गई। निष्कासित किए गए सदस्यों द्वारा प्रदेश कार्यालय में भी अपना पक्ष भेजा गया पर कोई जवाब नही आया।
इनका आरोप है कि पार्टी के लिये मिलने वाली सहयोग राशि को लेकर जब इन्होंने बोलना शुरू किया और विरोध जताया तो इन्हें निष्कासित कर दिया गया। इनके द्वारा पार्टी के भ्रष्ट नेताओं को पार्टी से भार मुक्त करने की मांग की गई। ये नेता पार्टी की छवि बिगाड़ रहे है। आगामी चुनाव के पहले ही इन लोगों को पार्टी से बाहर कर देने में ही पार्टी की भलाई है।