PAKHANJUR. पखांजुर के एक अस्पताल में सात वर्षीय मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत की खबर सामने आई है। वही इस मामले में गुस्साए बच्चे के परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही पूर्वक इलाज करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार पखांजुर के पिव्ही नंबर 121 के निवासी विनय शर्मा के सात वर्षीय बेटे की तबियत खराब चल रही थी। विनय शर्मा ने अपने बेटे को डॉक्टर दिलीप सिंह द्वारा संचालित एक निजी क्लिनिक में जाकर उसका इलाज करवाया।
कुछ समय बाद बच्चे की स्थिति अचानक और ज्यादा बिगड़ने लगी। बच्चे की हालात को बिगड़ता देख डॉक्टर दिलीप ने बच्चे को पखांजुर सिविल अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जिसके बाद उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
परिजनों को बच्चे की मौत की खबर होते ही वे आक्रोशित हो गए और सिविल अस्पताल में हंगामा मचाने लगे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में लगाए गए गलत इंजेक्शन की वजह से बच्चे की मौत हुई है। इसके अलावा परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही पूर्वक इलाज करने का आरोप भी लगाया है।
वहीं खंड चिकित्सा अधिकारी दिलीप सिन्हा ने इससे अपना पल्ला झाड़ लिया है। उनका कहना है कि, सुबह तक बच्चा बिलकुल ठीक था। मैंने परिजनों को कहा था कि वे खून जांच करवा ले और फिर रिपोर्ट के अनुसार बच्चे को इलाज के लिए बाहर भी भेजा जा सकता है। वही बच्चे की मौत के बाद उसके मां- बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।