LONDON. जिंदगी दुख-सुख से भरी हुई है। एक पल में आप दुखी होते हैं और अगले ही पल में कुछ ऐसा होता है, जिससे आप खुशी से उछलने लगते हैं। ब्रिटेन की रहने वाली एक महिला के साथ कुछ ऐसा हुआ कि उसे समझ में ही नहीं आ रहा था कि वह पैर टूटने का गम मनाए या 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की लॉटरी खुलने की खुशी मनाए।

द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, डेब्स ऑर्चर्ड अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने नॉर्वेजियन फोजर्ड्स में एक क्रूज पर मौज-मस्ती कर रही थीं। इसी दैरान नाचते हुए उसका पैर फिसल गया और वह गिर गईं, जिससे उनका पैर टूट गया। वह दर्द से कराह रहीं थी। इसी दौरान उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

खैर टूर खत्म होने के बाद वह व्हीलचेयर से अपने घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में उनके पास फोन आया, जिसे सुनकर उनको अपने कानों पर विश्वास ही नहीं हुआ। दूसरी तरफ से बताया गया कि यह कॉल पीपुल्स पोस्टकोड लॉटरी का था। उन्होंने 4 लाख पाउंड यानी करीब 4 करोड़ 20 लाख रुपये की लॉटरी जीती है।

डेब्स कहती हैं कि उन्हें तो यकीन ही नहीं हो पा रहा था कि वो लॉटरी में इतनी बड़ी रकम जीत चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेब्स ने बताया कि वह पिछले 10 सालों से लॉटरी के टिकट्स खरीद रही हैं। साल 2015 में उन्होंने एक टिकट पर 1 हजार पाउंड यानी आज के हिसाब से करीब एक लाख रुपये जीते थे।

इसके बाद उन्हें उम्मीद थी कि उनकी किस्मत दोबारा भी कभी साथ दे सकती है। हुआ भी ऐसा ही, इस बार जो लॉटरी खुली, उसके बाद वह सीधे करोड़पति बन गई हैं।





































