RAIPUR. छत्तीसगढ़ की जनता के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ सरकार ने मोर बिजली एप के पहले वर्जन को बिजली उपभोक्ताओं का अच्छा फीडबैक मिलने के कारण नागरिक सेवाओं को विस्तार देते हुए एप के दूसरे वर्जन को तैयार किया गया है। बता दें, मोर बिजली एप 2.0 के जरिए अब उपभोक्ता घर बैठे ही 36 प्रकार की सुविधा का लुफ़्त उठा सकेंगे।

छत्तीसगढ़ी बोली में उपलब्ध नए मोर बिजली एप
नए मोर बिजली एप को प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए अब छत्तीसगढ़ी बोली में उपलब्ध कराया गया है। जिन उपभोक्ताओं ने छत्तीसगढ़ी बोली को SMS की भाषा के रूप में चुना है, उन्हें मासिक बिजली बिल, बिल भुगतान, बिल भुगतान रिमाइन्डर और बिल भुगतान की जानकारी अब छत्तीसगढ़ी में भेजी जाएगी। बता दें अब ये एप छत्तीसगढ़ी बोली का प्रदेश का पहला शासकीय मोबाइल एप है।

मोर बिजली एप 2.0 में मिलेगी 36 प्रकार की सुविधा
किसान सहित आम जनता को अक्सर बिजली की किसी न की समस्या को लेकर बिजली विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं, फिर चाहे वो नए कनेक्शन को लेकर हो या बिजली बिल को लेकर हो। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार ने आम नागरिकों को बिजली की समस्याओं को दूर करने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल कर “मोर बिजली एप” का दूसरा वर्जन शुरू किया है। इस एप जरिए उपभोक्ताओं को 36 प्रकार की सेवाएं मिलेंगी।

बिजली विभाग की सुविधा अब घर पर
प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए मोर बिजली एप दूसरा दफ्तर बन गया है। इसमें अच्छी बात ये है की अब बिजली विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां छत्तीसगढ़ी बोली में उपलब्ध होगी। बिजली एप पर यह सुविधाएं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू किए गए मोर बिजली एप 2.0 में 36 प्रकार की उपभोक्ता सेवाएं प्राप्त होगी।

इन सुविधाओं का उठा पाएंगे लुफ्त
नए मोर बिजली एप के जरिए बिल की जानकारी, गणना, दरें, बिल भुगतान सुविधाएं, जैसे ऑनलाइन भुगतान, नजदीकी भुगतान केन्द्र, पिछले दो वर्षों का बिल भुगतान विवरण, बिजली बिल हाफ योजना में प्राप्त छूट की जानकारी, विद्युत आपूर्ति तथा बिल से जुड़ी शिकायतें जैसे बिजली बंद, आपातकालीन तथा विद्युत अवरोध, बिल संबंधी शिकायतें, ट्रांसफार्मर की खराबी आदि की सुविधाएं मिलेंगी।

इसके साथ ही नए बिजली कनेक्शन, नाम परिवर्तन, टैरिफ परिवर्तन, लोड बढ़ाने-घटाने, मीटर शिफ्टिंग जैसी सुविधाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन अब उपभोक्ता नए मोर बिजली एप के जरिए कर सकते है। साथ ही साथ उपभोक्ता अपने ऑनलाइन आवेदन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर पाएंगे। वहीं अपनी व्यक्तिगत प्रोफाइल जैसे- मोबाइल नम्बर जोड़ने-बदलने, ई-मेल आईडी के साथी बिजली कनेक्शन प्रोफाइल एप के माध्यम से बना पाएंगे। इसके अलावा SMS और मोबाइल एप की भाषा का चुनाव भी आसानी से कर पाएंगे।





































