RAIPUR. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अरुण साव के द्वारा रेल मंत्री को आभार व्यक्त करने पर तंज कसा है। दरअसल दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के रेल यात्रियों को समय पर ट्रेन नहीं मिल रही है। आरक्षित की गई ट्रेन की टिकट रद्द कर दी जाती है, तो वहीं आधे रास्ते में रेल यात्रियों को उतारकर ट्रेनें रद्द होती है। इन सब परेशानियों का जिम्मेदार कोई और नहीं बल्कि केंद्र की मोदी सरकार है।
यात्रियों के जख्मों में नमक छिड़क रहे अरुण साव
ऐसे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव रेल मंत्री को आभार व्यक्त कर रहे है। साव का ऐसा करना यात्रियों के जख्मों में नमक छिड़कना हैं। साथ ही कहा कि जो यात्री ट्रेन के लिए भटक रहे है ये उनका मजाक उड़ाना है। प्रदेश की जनता अरुण साव के इस कृत्य को भली भाती देख रही है कि वे किस प्रकार चाटुकारिता के लिए रेल यात्री की समस्याओं को नजरअंदाज करके रेल मंत्री का आभार व्यक्त कर रहे हैं और अपने निजी संबंधों को बेहतर बनाने में लगे हुए है।
उन्होंने कहा कि बीते 03 सालों और 05 महीनों में रायपुर से होकर गुजरने वाली 64382 ट्रेन को रद्द कर दिया गया। लोकल ट्रेनों को खड़ा कर दिया गया है। वहीं सिर्फ मालगाड़ी को चलाया गया ताकि प्रदेश से कोयला बॉक्साइट आयरन ओर को ले जाया जा सके। साव ने यात्री को हो रही असुविधा को नजरअंदाज किया है। जब भी ट्रेनें रद्द हुई तब भाजपा के 09 सांसद मौन रहते थे और प्रदेश की रेल यात्री की समस्याओं पर चर्चा करने से भागते रहे है।
साथ ही कहा कि कांग्रेस शासन काल के समय से नियमित चलने वाली एक्सप्रेस सुपरफास्ट एवं पैसेंजर ट्रेनों को बंद कर दिया गया, इसका मुख्य कारण मोदी सरकार द्वारा रेलवे को निजीकरण की ओर ले जाना था। वंदे भारत ट्रेन शुरू करने के नाम से ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा के नेता जब प्रदेश से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को बंद किया गया, डिब्बा की संख्या में कटौती की गई, वंदे भारत ट्रेन की जगह महंगी दरों वाली तेजस को शुरू किया गया।
तब भी भाजपा के नेता चुप थे तेजस को बंद करके फिर वंदे भारत शुरू किया गया तब भी भाजपा के नेता कुछ नहीं बोले। मोदी सरकार के रेल मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ को प्रयोगशाला बना दिया है और भाजपा के 09 सांसद जनता की समस्याओं पर चुपी साधे हुए है।