AMBIKAPUR. विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अब बीजपी-कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का छत्तीसगढ़ दौरा शुरू हो गया है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा सियासी चर्चा बना हुआ है। शाह के प्रदेश के लगातार दौरे पर सीएम भूपेश के बाद अब डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने तंज कसा है। टीएस सिंहदेव ने कहा कि अमित शाह अब यहां किराए का मकान लेकर रहेंगे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। कांग्रेस को चुनौती देना है तो हर तरह का प्रयास करना पड़ेगा। कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में काम की बदौलत लोगों का विश्वास हासिल किया है।
अंबिकापुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि अमित शाह भाजपा के प्रमुख नेता हैं। छत्तीसगढ़ में यह माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी सुदृढ़ स्थिति में है। कांग्रेस को चुनौती देने के लिए उनको हर प्रयास करना पड़ेगा। बाहर से आकर काम करना पड़ रहा है, इसका मतलब यह है कि वे स्वयं आंक रहे हैं कि उनकी स्थिति कमजोर है।
सिंहदेव ने कहा कि सर्वे का, मीडिया का आंकलन है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने अच्छा काम किया है। कुछ काम नहीं हो पाते, लेकिन जो काम हुए हैं, उससे हमें विश्वास है कि लोगों का पूरा साथ मिलेगा। भाजपा की तरफ से ऐसा कुछ होता नहीं दिख रहा है कि उनके 13 सीटों से बढ़कर 46 सीटें मिल सके।
गैर भाजपाशासित क्यों हो रही है ईडी की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ में चल रही केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर टीएस ने कहा कि सरकार को फर्क नहीं पड़ता। सरकार पर बात नहीं आ रही है। व्यक्तिगत तौर पर जिनके ऊपर आक्षेप लग रहे हैं, उनकी बात आ रही है। ईडी लगातार सत्ता के विरोध में रहने वाले दलों पर कार्रवाई कर रही है, उस पर प्रश्न उठ रहे हैं। जो गलत हों, उन पर कार्रवाई हो। सिंहदेव ने कहा कि ईडी के डायरेक्टर के एक्सटेंशन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने भी ईडी के प्रमुख के एक्सटेंशन को अनुचित करार दिया है। महाराष्ट्र में अजीत पवार के खिलाफ ईडी जांच की बात चल रही थी। अब वह महाराष्ट्र में भाजपा के गठबंधन वाली सरकार में उप मुख्यमंत्री बन गए हैं तो उनकी जांच अब नहीं हो रही है। इन बातों पर सवाल उठता है कि ईडी की कार्रवाई गैर भाजपा शासित राज्यों में ही क्यों हो रही है।