RAIPUR. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव नजदीक है, कार्यकर्ताओं का फेर बदल जारी है। इस बीच पार्टी में गुटबाजी देखने को मिली है। इसके साथ ही आरोप-प्रत्यारोप का भी दौर शुरू हो गया है। दरअसल, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम के कुछ ही घंटों पहले की गई नई नियुक्ति को प्रदेश प्रभारी शैलजा ने रद्द करते हुए नई नियुक्ति का आदेश जारी किया है। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना सदा हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने शैलजा के आदेश को आदिवासियों का अपमान बताया है।
शैलजा ने पत्र लिख मरकाम के नई नियुक्ति का किया खंडन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों को दिए नए प्रभार का आदेश जारी किया था। जिसके बाद गुरुवार को कांग्रेस की दो दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें शामिल होने छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रायपुर पहुंची थी। जिसके बाद शैलजा ने पीसीस चीफ की तरफ से दिया गया पदाधिकारियों का आदेश रद्द कर दिया।
इसके साथ ही शैलजा ने मोहन मरकाम को पत्र लिखकर कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में रवि घोष को महामंत्री प्रभारी प्रशासन एवं संगठन के पद का प्रभार दिया जाए। शैलजा ने ये पत्र मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक के बाद मोहन मरकाम को लिखा है। इस बैठक में कुमारी शैलजा के अलावा विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ के आदिवासियों का अपमान – रमन सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा कि चापलूसी, जी हजूरी वाले सब इनाम के हक़दार है जिनकी रीढ़ सलामत है उन्हें झेलना तिरस्कार है। रिमोट कंट्रोल संचालित कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा का यह आदेश पूरे छत्तीसगढ़ के आदिवासियों का अपमान है। आपसी कलह के चलते पहले आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की तस्वीर से परहेज था, और अब उनकी कलम से निकले आदेश को निरस्त कर दाऊ ने अपनी नीयत स्पष्ट कर दी है.
चापलूसी, जी हजूरी वाले सब इनाम के हक़दार है
जिनकी रीढ़ सलामत है उन्हें झेलना तिरस्कार है।रिमोट कंट्रोल संचालित कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा जी का यह आदेश पूरे छत्तीसगढ़ के आदिवासियों का अपमान है।
आपसी कलह के चलते पहले आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष @MohanMarkamPCC की तस्वीर से… pic.twitter.com/EiEVjrN4ON— Dr Raman Singh (@drramansingh) June 22, 2023