BHILAI. भिलाई नगर में हर साल की तरह इस साल भी भव्य रथ यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। सेक्टर-06 के जगन्नाथ मंदिर से यह रथयात्रा धूम-धाम के साथ हरे-कृष्णा हरे-राम के नारों के साथ निकली।

इस दौरान हर वर्ग के लोग वहां उपस्थित थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में अलग ही उत्साह देखने को मिला। लड़कियां व महिलाएं सुन्दर पारम्परिक वेशभूषा पहनकर भगवान की भक्ति में लीन होकर नृत्य करती दिखाई दीं। गाजे-बाजे के साथ रथयात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर सेक्टर-05 चौक की ओर बढ़ गई।

आगे बढ़ते हुए भगवान के रथ के सामने और पीछे दोनों ही तरफ भक्तों ने भगवान को ऐसे घेर रखा था मानो कोई बेहद करीबी वर्षों बाद उनसे मिलने आया हो। इसके साथ ही साथ भक्तों ने रथ पर पुष्पमाला व फल, नारियल भी चढ़ाये और भगवान श्री जगन्नाथ से अपने जीवन में खुशहाली की प्राथना की।
विधायक देवेंद्र यादव भी हुए शामिल
इस दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने परिवार के साथ रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आर्शीवाद लिया। विधायक देवेंद्र यादव ने भिलाईवासियोों सहित प्रदेश वासियों के लिए प्राथना की। सर्वप्रथम वे सेक्टर-06 जगन्नाथ मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने परिवार के साथ भगवान जगन्नाथ पर पुष्प अर्पित कर पूजा अर्चना की। विधायक ने कहा है कि प्राचीन काल से ही छत्तीसगढ़वासियों की भगवान जगन्नाथ में गहरी आस्था रही है। भगवान जगन्नाथ सभी ने आराध्य है। प्रतिवर्ष भक्ति भाव के साथ यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ भगवन जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती रही है। यह रथयात्रा सांस्कृतिक एकता तथा सौहार्द्र का प्रतीक है।





































