KANKER. कांकेर शहर में भालू धमाल मचा रहे हैं। इससे वन विभाग के साथ ग्रामीण भी परेशान हैं। दरअसल, इस साल पड़ रही भीषण गर्मी से इंसानों के साथ साथ जंगली जीव भी परेशान हैं। खाने और पानी की तलाश में भालू यहां-वहां भटक रहे हैं। इसके चलते भालू शहर की ओर भी रूख कर रहे हैं, जिससे शहर के लोग दहशत में है। जानकारी के अनुसर कांकेर जिले के गढ़िया पहाड़ से लगे निर्माणाधीन बाई पासमार्ग पर आज सुबह 10-11 बजे के बीच एक भालू पेड़ पर चढ़ गया। इसे देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी है। जिले के बाई पास मार्ग पर वाहनों की आवाजाही से डरा भालू खुद को बचाने पेड़ का सहारा ले लिया। भालू के पेड़ पर चढ़ने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच भालू को पेड़ से उतारने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि भालू भोजन की तलाश में निकला था। बता दें कि शहर में भोजन पानी की तलाश में निकलने वाले भालुओं की आवाजाही पर वन विभाग अंकुश नहीं लगा पा रही है। यह पहली बार नहीं है जब वन्य जीव शहर में नजर आएं हैं। इससे पहले भी जंगली जानवरों के शहर में आने की घटनाएं हो चुकी है।
भालुओं का शहर में घुसने का मुख्य कारण भोजन है
कांकेर शहर में इन दिनों भालू का आतंक लगातार जारी है। आए दिन रहवासी इलाकों में भालू पहुंच रहे है, जिससे लोग दहशत में है। हालांकि वन विभाग की टीम अब रात में चिन्हाकित इलाकों की निगरानी कर रही है, लेकिन नगर में भालुओं का घुसने का मुख्य कारण भोजन पानी है। कांकेर रेंजर संदीप सिंह के अनुसार गर्मी का मौसम आते ही फिर एक बार भोजन-पानी की तलाश में भालू नगर के गलियों में घूमते देखा जा रहा है। कांकेर नगर चारों तरफ से पहाड़ियों और जंगलों से घिरा हुआ है। नगर के आस-पास के जंगलों में भालू की बहुतायत संख्या है। अक्सर भोजन पानी की तालाश में भालू जंगल से नगर की ओर रुख कर जाते हैं।