MUMBAI. बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की आज यानी 13 मई की शाम 5:00 बजे इंगेजमेंट होने जा रही है। सिख रीति-रिवाजों के अनुसार फंक्शन की शुरुआत सुखम साहिब पथ से होगी और उसके बाद शाम 6 बजे अरदास होगी। इस खास मौके पर राघव चड्ढा पवन सचदेव की अचकन डिजाइन पहनेंगे। वहीं, परिणीति ने अपने लिए मनीष मल्होत्रा का डिजाइन किया आउटफिट पहनेंगी।
इस खास मौके को और भी खास बनाने के लिए परिणिति की बहन प्रियंका चोपड़ा भी विदेश से भारत आ गई हैं। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया है। हालांकि, बहन की सगाई में प्रियंका अकेले पहुंची हैं। उनके साथ पति निक जोनस और बेटी मालती नजर नहीं आईं। साथ ही मनीष मल्होत्रा दिल्ली पहुंच गए हैं।
इस कार्यक्रम की गेस्ट लिस्ट में करीबन डेढ़ सौ लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत राजनीति और बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि परिणीति और राघव चड्ढा की सगाई दिल्ली के कपूरथला हाउस में होने जा रही है। कपूरथला हाउस को खूबसूरती से सजाया जा रहा है।
सगाई की थीम भी बॉलीवुड रखी गई है। जानकारी के मुताबिक, परिणीति का सगाई का फंक्शन बॉलीवुड थीम पर बेस्ड होगा। फंक्शन में बॉलीवुड के कई ब्लॉकबस्टर हिट गाने सगाई की रौनक बढ़ाएंगे। परिणीति और राघव की इंटीमेट एंगेजमेंट काफी ग्रैंड होने वाली है।
इसके साथ ही बीते दिनों से परिणीति चोपड़ा के घर की तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं। इसमें उनका घर दुल्हन की तरह सजा नजर आ रहा है। बताते चलें कि कपल ने पहले कभी अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की है, लेकिन उन्हें कई मौकों पर साथ देखा गया था।