RAIPUR. रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा के राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र कहने पर सियासत छिड़ गई है। इस बयान के बाद विपक्ष हमलावर हो गई है। इस मामले में पूर्व मंत्री व बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा है कि एक परिवार की वंदना करने वाली पार्टी कभी देश की पार्टी नहीं हो सकती। कांग्रेस का काल खत्म हो चुका है और कांग्रेस पार्टी एक परिवार के आखिरी वारिस को बचाने के लिए अंतिम सांसे ले रही है। इस देश में वही स्वीकार्य होगा, जो भारत माता की वंदना करेगा। राजनीति वही करेगा जो भारत माता की वंदना करेगा। चंद्राकर ने तंज कसते हुए पूछा कि राहुल को राष्ट्रपुत्र कहने वाली कांग्रेस ये बताए कि मोतीलाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू, राजीव गांधी, कमला नेहरू, प्रियंका वाड्रा (गांधी), रॉबर्ट वाड्रा, रेहान वाड्रा ये क्या-क्या है? और कौन हैं? इसे भी वो स्पष्ट करें। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस विदेशी की बनाई गई, विदेशी मानसिकता पर चलने वाली पार्टी है।

मीडिया से चर्चा करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस अब कालातीत पार्टी हो गई है। कांग्रेस पार्टी बताएं जब लालू प्रसाद यादव सहित कई राजनेताओं की सदस्यता गई, तो यह मुद्दा क्यों नहीं बना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार वंदक पार्टी है। आज की राजनीति राष्ट्र की वंदना करने वाली राजनीति है और जिसके नायक देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है। जिनका केवल एक ही लक्ष्य है इस देश को विश्व में सर्वोपरि स्थान दिलाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब तक राष्ट्र की वंदना नहीं सीखेगी तब तक राजनीति में कोई स्थान पाने का सपना छोड़ दें और जाकर अन्य कोई काम ढूंढे।

चंद्राकर के बयान के बाद कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्र पुत्र हैं, मां भारती के पुत्र हैं, देश की जनता की आवाज उठा रहे हैं। मोदी सरकार के तानाशाह रवैया, जनविरोधी नीतियों भ्रष्टाचार का दमदारी से विरोध कर रहे हैं। सवाल करते हुए पूछा कि सुनील सोनी बताये वो स्वयं को राष्ट्र पुत्र मानते हैं कि नहीं मानते? भाजपा नेता स्वयं को राष्ट्र का पुत्र क्यों नही मानते? भारत में रहने वाला हर व्यक्ति राष्ट्र पुत्र है। भाजपा ने राष्ट्र पुत्र का विरोध कर मां भारती के पुत्रों का अपमान किया है।





































