AMBIKAPUR.अपने तमाम कारनामों के लिए सुर्खियों में रहने वाले विधायक वृहस्पति सिंह एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन्होंने सार्वजनिक तौर पर दो सरकारी कर्मचारियों की पिटाई कर दी है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और कर्मचारियों ने 2 दिन की सामूहिक हड़ताल पर जाने का निर्णय ले लिया है। यह मामला बलरामपुर जिले के रामानुजगंज जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा का है जहां 3 अप्रैल को कांग्रेस विधायक ने शाखा में पदस्थ लिपिक औऱ भृत्य की सार्वजनिक तौर पर पिटाई कर दी।
बताया ये जा रहा है कि 3 अप्रैल को बैंक का कामकाज सामान्य तौर पर चल रहा था, किसानों की भीड़ बैंक में लगी थी तभी विधायक वृहस्पति सिंह बैंक पहुचे और किसानों को समय पर भुगतान नहीं किये जाने का आरोप लगाते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। इसके बाद विधायक ने बैंक के भृत्य अरविंद सिंह औऱ लिपिक राजेश पाल को बाहर बुलाया और किसानों के सामने ही दोनों की पिटाई शुरू कर दी। इस मामले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आ गया है।
घटना के बाद से पीड़ित कर्मचारी दहशत में है और पीड़ित कर्मचारीयो ने इसकी शिकायत संघ से की है जिसके बाद संघ ने सुरक्षा के साथ विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सहकारी बैंक कर्मचारी संगठन ने 2 दिन के सामूहिक अवकाश का एलान भी कर दिया है। इसके साथ ही इस मामले में उचित कार्रवाई नही होने पर कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन अवकाश की चेतावनी भी दी है। पीड़ित कर्मचारियों में दहशत इतनी है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस तक को नही की है साथ ही अपना स्थानांतरण अन्यत्र कराने की मांग कर रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए साथ ही उनका ट्रांसफर अन्यत्र कर दिया जाए। कर्मचारी संघटन के हड़ताल पर चले जाने से बैंक के काम पूरी तरह से प्रभावित रहने की आशंका है तो वही देखना होगा कि शासन प्रशासन इस मामले को किस तरह से सुलझा पाता है। इस मामले में विधायक सिंह की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी। दूसरी तरफ विपक्ष भी इस मामले को लेकर हमलावर नज़र आ रहा है।