
BHILAI. स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय आमदी नगर हुडको भिलाई में रसायन शास्त्र विभाग द्वारा स्पेक्ट्रम केमिकल सोसायटी के अंतर्गत अतिथि व्याख्यान का आयोजन 14 फरवरी को किया गया था। उपर्युक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय के एमएससी द्वितीय तथा चतुर्थ सेमेस्टर के 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान महाविद्यालय के सीओओ डॉ. दीपक शर्मा अरविंद कुमार साहू एवं महाविद्यालय के प्राचार्य समेत अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने का अच्छा माध्यम
महाविद्यालय के सीओओ डॉ. दीपक शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने का अच्छा माध्यम है। साथ ही इस प्रकार के आयोजन के लिए महाविद्यालय में स्पेक्ट्रम केमिकल सोसायटी की सराहना की एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. हंसा शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि व पढ़ाई के प्रति उनकी लगन को बढ़ाने हेतु इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर आयोजित किया जाना चाहिए ।


इसके अलावा महाविद्यालय की उप प्राचार्या डॉ. अज़रा हुसैन ने कार्यक्रम को सराहा साथ ही विद्यार्थियों को इस प्रकार के कार्यक्रम में सम्मिलित होने की सलाह दी । वहीं कार्यक्रम में वक्ता के रूप में डॉ. अरविंद कुमार साहू सहायक प्राध्यापक सेंट थॉमस कॉलेज भिलाई रहे। जिन्होंने ‘मास स्पेक्ट्रोमेट्री’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के द्वारा किसी भी मिश्रित सामग्री में मौजूद अलग-अलग रसायनों का पता लगाया जा सकता है। इसके अलावा किसी अज्ञात यौगिक का आणविक भार उसकी संरचना तथा गुणों का निर्धारण भी किया जा सकता है।

साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को नेट तथा सेट आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मार्गदर्शन दिया। इस दौरान कार्यक्रम में महाविद्यालय के एमएससी द्वितीय तथा चतुर्थ सेमेस्टर के 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा नेट व सेट जैसी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आने वाली समस्याओं के बारे में मार्गदर्शन प्राप्त किया और छात्रों ने इस विषय में अपने विभिन्न प्रश्नों का उत्तर पाया।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रजनी मुदलियार रसायन शास्त्र की विभागाध्यक्ष रही। तकनीकी सलाहकार के रूप में सीमा राठौर सहायक प्राध्यापक रसायन शास्त्र थी। तो वहीं कार्यक्रम के सह संयोजक देवेंद्र कुमार पटेल सहायक प्राध्यापक रसायन शास्त्र थे। मंच संचालन मोनिका मेश्राम सहायक प्राध्यापक रसायन शास्त्र ने किया।




































